पंजाब के पठानकोट में हमले को लेकर कांग्रेस ने देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर सवाल उठाया है। कांग्रेस ने कहा है कि सरकार के उठाए गए कदम नाकाफी हैं। 20 साल से शांतिप्रिय पंजाब में पांच महीने के भीतर दो बड़ी आतंकी घटना हो गई।
प्रधानमंत्री की हाल की लाहौर यात्रा पर निशाना साधते हुए पार्टी ने कहा है कि नरेंद्र मोदी 25 दिसंबर को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मिलकर आए और छह सात दिन के अंदर साल की शुरुआत में ही देश को आतंकवादी हमला झेलना पड़ा। इसलिए सरकार को आंतरिक सुरक्षा पर दोबारा नजर डालनी चाहिए।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की पाकिस्तान की यात्रा के बावजूद आईएसआई उग्रवादियों को आज भी उसी तौर तरीके से संरक्षण दे रही है जैसे पहले देती थी। सारे आतंकवादी कैंप पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में चलते हैं।