आर्थिक मामलों की पत्रिका द इकोनॉमिस्ट ने भले ही पी. चिदंबरम को 2014 चुनाव में पीएम पद के लिए कांग्रेस का उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना व्यक्त की है, लेकिन खुद वित्त मंत्री की पार्टी के ही एक सांसद ऐसे भी हैं जो उन्हें पीएम बनते नहीं देखना चाहते। कांग्रेस सांसद सज्जन सिंह वर्मा ने सोमवार को यहां कहा कि यदि अगले आम चुनाव में चिदंबरम को पार्टी की ओर से पीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया जाता है तो उन्हें कांग्रेस में रहने के अपने फैसले पर दोबारा सोचना पड़ेगा। उन्होंने साथ ही लंदन की मैगजीन इकोनॉमिस्ट की विश्वसनीयता पर भी संदेह जताया।
वर्मा के अनुसार पिछले दो सालों में इस मैगजीन ने जितने भी अनुमान लगाए हैं, वह सभी गलत साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी पीएम पद के लिए स्वाभाविक पसंद हैं, हालांकि इस पर अंतिम फैसला यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी को करना है।