बंगलौर में ईमानदारी से ड्यूटी करना दो सिपाहियों को महंगा पड़ गया।
कांग्रेस विधायक ने सिपाहियों की पिटाई कर दी और विधानसभा में उन्हें नंगा करने की धमकी दे डाली। विधायक का पारा तब चढ़ गया, जब सिपाहियों ने उन्हें निर्धारित समय के बाद पार्टी करने से रोकने की कोशिश की।
उन्होंने ने सिपाहियों का कैमरा भी तोड़ दिया। विधायक बंगलौर के बंगलौर के एक महंगे लाउन्ज बार में पार्टी मना रहे थे।
जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे विधायक
हुनगुंड विधायक विजयकांत कशप्पनवार मंगलवार को अपने परिवार और समर्थकों के साथ एक बार में जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। पुलिस के मुताबिक पार्टी में आपराधिक पृष्ठभूमि के लोग शामिल भी थे। पार्टी स्काई बार में मनाई जा रही थी, वह यूबी सीटी की 16वीं मंजिल पर है।
निर्धारित समय के बाद भी तेज संगीत और शराब परोसे जाने के कारण कब्बन पार्क थाने में मामले की शिकायत की गई। पुलिस ने बताया कि लगभग एक बजे कुछ फोन पर जानकारी मिली कि स्काई बार में पार्टी मनाई जा रही है, जहां तेज आवाज में संगीत चल रहा है और शराब परोसी जा रही है। सूचना के बाद दो सिपाहियों को हैंडीकैम के साथ मौके पर भेजा गया।
सिपाहियों ने की विधायक रोकने की कोशिश
सिपाहियों को पार्टी में हो रही गतिविधियों को रिकॉर्ड करने के निर्देश दिए गए, ताकि उन्हें सबूत के रूप में कोर्ट में पेश किया जा सके। लगभग 1 बजकर 10 मिनट पर दो सिपाही मौके पर पहुंचे।
ज्योंही उन्होंने पार्टी की रिकॉर्डिंग शुरू की, विजयकांत ने चिल्लाकर उन्हें रोक दिया। विधायक ने सिपाहियों से पूछा कि वे क्या कर रहे हैं? सिपाहियों ने जब उन्हें बताया कि वे निर्धारित समय के बाद भी पार्टी कर रहे हैं, इसलिए वहां हो रही गैरकानूनी गतिविधियों को रिकॉर्ड किया जा रहा है। सिपाहियों ने विधायक को बताया कि उन्हें शिकायत मिली है, जिसके बाद ये कार्रवाई की जा रही है।
विधायक ने पेश्ा की अपनी सफाई
हालांकि विधायक ने पार्टी खत्म नहीं की और उन्होंने सिपाहियों से कैमरा छीन लिया। उन्होंने सिपाहियों को गाली देना शुरू कर दिया और उन्हें थप्पड़ मारे।
एक सिपाही ने बताया कि विधायक ने उसे बायें गाल पर तमाचा जड़ दिया। इसके बाद उन्होंने सिपाहियों के कैमरे तोड़ डाले। मामले अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
वहीं विधायक ने बताया कि वे पब में अपनी पत्नी, बहन और भतीजी के साथ गए थे। उन्होंने कहा कि सिपाहियों ने आपत्तिजनक तस्वीरें लेने की कोशिश कर रहे थे, जिसे उन्होंने रोकने की कोशिश की। उन्हानें 11.30 बजे तक पब छोड़ दिया था।