नरेंद्र मोदी के बाद अब भाजपा के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर सीबीआई के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
राजनाथ का कहना है कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों से हिसाब-किताब बराबर करने के लिए सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों का बेजा इस्तेमाल हो रहा है।
बांद्रा में राजनाथ सिंह ने पत्रकारों से कहा है कि कांग्रेस सीबीआई का दुरुपयोग करती आई है और चुनाव के दौरान वह यह काम ज्यादा करेगी।
आजादी के बाद सीबीआई का सबसे ज्यादा दुरुपयोग अगर किसी ने किया है तो वह है कांग्रेस। आने वाले लोकसभा चुनाव में वह बीजेपी और दूसरी विपक्षी पार्टियों के खिलाफ इसका इस्तेमाल करेगी।
राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से कश्मीर के केरन सेक्टर में चल रही झड़प पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को यह समझना होगा कि आतंक और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते। सरकार को मानना होगा कि काग्रेस की गलत नीतियों की वजह से देश के अंदर और बाहर दोनों जगह सुरक्षा का संकट पैदा हुआ है। उन्होंने कांग्रेस को देश की सबसे सांप्रदायिक पार्टी करार दिया।
अर्थव्यवस्था पर अपनी चिंता जाहिर करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि देश को ऐसे वैकल्पिक आर्थिक मॉडल अपनाने की कोशिश करनी चाहिए, जो लोगों को नौकरियां, भोजन और आश्रय मुहैया करा सकें।
भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी का नाम लिये बगैर कहा कि वह महंगाई, भ्रष्टाचार, आतंकवाद और नक्सलवाद के मुद्दे पर संवेदनशील क्यों नहीं दिखते।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा को वापस बीजेपी में शामिल किए जाने की संभावना के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि इस पर पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड में फैसला होगा।
उन्होंने कहा कि अपनी स्थापना के बाद बीजेपी में कभी भी सीधा विभाजन नहीं हुआ है जबकि कांग्रेस दो बार सीधी टूट की शिकार हो चुकी है।
आज की तारीख में बीजेपी सबसे सेक्यूलर पार्टी है क्योंकि हम कभी भी भेदभाव भरी नीतियां नहीं अपनाते और सबके लिए न्याय सुनिश्चित करते हैं।