एक महिला पत्रकार के यौन उत्पीड़न मामले में फंसे तहलका पत्रिका के पूर्व संपादक तरुण तेजपाल को लेकर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है।
भाजपा नेता सुषमा स्वराज ने कहा कि एक केंद्रीय मंत्री जानबूझकर तरुण तेजपाल को बचा रहे हैं।
लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया, 'एक केंद्रीय मंत्री के तरुण तेजपाल के साथ मधुर रिश्ते हैं। वह मंत्री तहलका का संस्थापक और संरक्षक भी है।'
हालांकि सुषमा ने उस केंद्रीय मंत्री का नाम नहीं बताया।
इधर, कांग्रेस भी इस मामले में कूद गई। कांग्रेस के संजय झा ने कहा, 'सुषमा स्वराज के ट्वीट से साबित होता है कि कौन इसे राजनीतिक रंग दे रहा है।'
पढ़ें, पीड़िता ने की FIR की पुष्टि, तेजपाल की गिरफ्तारी कभी भी
इससे पहले कांग्रेस की जयंती नटराजन ने एक टीवी चैनल को बताया, 'हालांकि मैं महिला पत्रकार के साथ हूं पर मैं कहना चाहती हूं कि यह राजनीति के सिवा कुछ नहीं है। क्या, गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने हर बलात्कार मामले में ऐसी ही तत्परता दिखाई?'
भाजपा नेता अरुण जेटली पहले ही तेजपाल पर निशाना साध चुके हैं। जेटली ने कहा था कि महिला पत्रकार के साथ यौन शोषण का मामला पूरी तरह बलात्कार है।