कांग्रेस के जयपुर के चिंतन शिविर पर कटाक्ष करते हुए भाजपा ने कहा कि इसमें उन ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा नहीं हो रही है, जिन पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है, जिनसे देश जूझ रहा है। भाजपा ने कहा कि एक ओर यूपीए सरकार लगभग हम मोर्चे पर विफल है और कांग्रेस इस पर भी सरकार को सर्टिफिकेट बांट रही है।
भाजपा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के भाषण से तो यही संदेश गया है कि पार्टी जयपुर में यूपीए सरकार के कार्यों की ईमानदारी से समीक्षा नहीं कर रही है। पार्टी प्रवक्ता निर्मला सीतारमन ने कहा कि कांग्रेस को महंगाई, देश की आंतरिक व बाहरी सुरक्षा, महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार जैसे बड़े मुद्दों पर तो गंभीरता से मनन करना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस इन मुद्दों पर चिंतन करने की बजाए यूपीए सरकार का झूठा गुणगान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने दूसरी बार सत्ता में आने पर 100 दिन के भीतर महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन महंगाई कम होने की बजाए लगातार बढ़ती रही है जबकि कांग्रेस ने चिंतन शिविर में इस मुद्दे पर खामोशी ओढ़ ली है।
उन्होंने कहा कि चिंतन शिविर का आयोजन को अच्छा कार्य है, प्रत्येक राजनीतिक दल को इस तरह के शिविरों का आयोजन करना चाहिए, लेकिन कांग्रेस को इसमें ईमानदारी से देश के ज्वलंत मुद्दों पर भी चर्चा करनी चाहिए।