नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी की पेशी को कांग्रेस 'राजनीतिक युद्घ' में बदलने की तैयारी कर रही है। दोनों नेताओं को शनिवार को पटियाला कोर्ट में पेश होना है।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि दोनों ही आला नेता जमानत नहीं मांगेगे। हालांकि कांग्रेस ने अपने समर्थकों को अधिक से अधिक संख्या में शनिवार को पटियाला हाउस में मौजूद रहने को कहा है। नेशनल हेरॉल्ड केस के मामले में पटियाला हाउस कोर्ट ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मोती लाला वोरा, ऑस्कर फर्नांडिज, सैम पित्रोदा और सुमन दुबे को पिछले साल जून में सम्मन दिया था, उन्हें अगस्त में कोर्ट में पेश होना था।
कांग्रेस के आला नेता निचली अदालत के समन के विरोध में दिल्ली हाईकोर्ट चले गए। दिल्ली हाईकोर्ट ने गत 7 दिसंबर को उनकी अपील रद्द करते हुए, उन्हें पटियाल हाउस कोर्ट में 9 दिसंबर को पेश होने का आदेश दिया था। हालांकि वे 9 दिसंबर को पेश नहीं हो पाए, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें 19 दिसंबर को पेश होने को कहा।