फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रमोशन बिल को लेकर सरकार पर बिफरे मुलायम

Wed, 19 Dec 2012 11:43 PM IST
नई दिल्ली/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
सरकारी नौकरियों में एससी/एसटी को प्रमोशन में आरक्षण संबंधी संविधान संशोधन बिल को लेकर मुलायम सिंह यादव सरकार पर बिफर गए। मुलायम का कहना है कि कांग्रेस मनमानी कर रही है।
विज्ञापन


उन्होंने कांग्रेसी सांसदों पर उनकी पार्टी के सांसदों की पिटाई करने का भी आरोप लगाया। मुलायम का गुस्सा इस कदर चढ़ा हुआ था कि उन्होंने समर्थन वापसी पर विचार करने की बात भी कह दी है।

बिल के खिलाफ आंदोलन जारी रखने के अपने इरादे को जाहिर करते हुए उन्होंने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी आखिरी दिन भी बवाल मचाने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी सांसदों ने सपा सांसद यशवीर सिंह के साथ धक्का-मुक्की भी की। मुलायम ने कहा कि इस बिल के खिलाफ लड़ाई में वह कोई भी परिणाम भुगतने को तैयार हैं। वह बिल को लोकसभा में पारित नहीं होने देंगे।
विज्ञापन


संसद के बाहर सपा मुखिया ने बताया कि यशवीर सिंह के साथ यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के सामने कांग्रेस सदस्यों ने सदन के अंदर मारपीट की। उसे गहरी चोटें आई हैं। इस घटना की निंदा करने के बजाए कांग्रेस उलटे सपा पर ही आरोप लगा रही है।

हालांकि बिल की प्रति छीनने वाले सपा सदस्य को रोकने के लिए सोनिया गांधी के प्रयास पर मुलायम सीधा जवाब देने से बचे। उन्होंने कहा कि हम किसी का नाम नहीं लेंगे, लेकिन सदन में उपस्थित सभी सदस्यों ने पूरी घटना को देखना है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सपा सदस्य ने सोनिया पर हमला करने की कोशिश की, इस पर मुलायम ने कहा कि वह जो चाहे आरोप लगा सकती हैं। लोकसभा अध्यक्ष से सपा सदस्यों की शिकायत करने के सवाल पर सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनके हाथ में सरकार है, बहुमत है। इसलिए वे कुछ भी मनमानी कर सकते हैं। लेकिन असली ताकत जनता के पास है।

जनता इन्हें खुद ही सबक सिखा देगी। उन्होंने कहा सपा इससे डरने वाली नहीं है। उन्होंने बताया कि संसद में विधेयक का मसौदा छीने जाने की यह पहली घटना नहीं है। तीन बार उन्होंने खुद ऐसी घटना देखी है। पूरे घटनाक्रम के पहले से तय होेने के बसपा के आरोप को मुलायम ने खारिज करते हुए निराधार करार दिया है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें