चुनावी महासमर के बीच कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने एक बड़ी खबर दी है। हालांकि, इस खबर का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन जो खुलासा किया गया है, वो काफी बड़ा है।
दरअसल, इस खुलासे से पहले सोशल मीडिया पर कुछ ऐसी तस्वीरें खूब वायरल हो रही थीं, जिनमें कांग्रेसी नेता एक महिला न्यूज एंकर के साथ नजर आ रहे हैं।
इन तस्वीरों के अलावा एक ऐसा वीडियो भी प्रसारित हुआ, जिसमें दिग्विजय सिंह और महिला एक साथ पूजा करते हुए दिख रहे हैं। सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे थे कि इन दोनों के बीच आखिर ताल्लुक क्या है? इसका जवाब खुद दिग्गी ने दे दिया है।
दिग्गी ने अमृता से रिश्ता कबूला
67 वर्षीय कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने खुलासा किया कि उनके और राज्यसभा टीवी की न्यूज एंकर अमृता राय के बीच रिश्ता है और वो इसे कबूल करते हैं। बुधवार सवेरे उन्होंने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने ट्वीट किया, "मुझे यह स्वीकार करने में कोई हिचकिचाहट नहीं है कि अमृता राय के साथ मेरा रिश्ता है। उन्होंने और उनके पति ने पहले ही आपसी सहमति से तलाक लेने के लिए केस दायर कर दिया है।"
दिग्गी अपने इस रिश्ते को जल्द ही औपचारिक रूप देने की तैयारी भी कर रहे हैं। दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा, "एक बार इसका फैसला हो जाए, उसके बाद हमें इसे औपचारिक रूप देंगे। लेकिन मैं निजी जिदंगी में दखल देने की आलोचना करता हूं।"
अमृता लेंगी तलाक, दिग्गी करेंगे शादी
चुनावों के बीच में यह मामला गर्मा सकता था। ऐसे में दिग्विजय सिंह के लिए इन तस्वीरों के सामने आने के बाद चुप्पी तोड़ना अहम हो गया था। और ऐसा हुआ भी। दूसरी ओर, अमृता राय ने रिश्ता कबूल कर लिया है।
अमृता ने भी इसके लिए ट्वीट का सहारा लिया। उन्होंने लिखा, "मैं अपने पति से अलग हो गई हूं और हमने आपसी सहमति से तलाक लेने के लिए दस्तावेज दाखिल कर दिए हैं। इसके बाद मैंने दिग्विजय सिंह से शादी करने का फैसला किया है।"
उन्होंने आगे लिखा है, "मेरा ईमेल/कंप्यूटर हैक किया गया और उसकी सामग्री से छेड़छाड़ की गई है। यह भारत में गंभीर अपराध है और मेरी निजता का अतिक्रमण भी है। मैं इसकी कड़ी आलोचना करती हूं।"
पिछले साल हुआ था पत्नी का देहांत
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की पत्नी आशा सिंह का देहांत पिछले साल फरवरी में हुआ था। वो लंबे वक्त से कैंसर से जूझ रही थीं। उनकी उम्र करीब 58 साल थी।
उस वक्त अस्पताल के डॉक्टर ने बताया था, "उन्होंने शाम करीब सात बजे अस्पताल में अंतिम सांस ली। दिग्विजय सिंह समेत उनका परिवार उस वक्त मौजूद था, जब उन्होंने अंतिम सांस ली।"
चार बेटी और एक बेटा है दिग्गी का
इससे पहले कुछ महीने के लिए आशा का इलाज अमेरिका के एक अस्पताल में भी हुआ था। दिग्विजय सिंह की चार बेटियां और एक बेटा है। बेटे जयवर्द्धन ने हालिया विधानसभा चुनावों में राघोगढ़ से जीत दर्ज की थी।
दिग्विजय सिंह कांग्रेस के न केवल वरिष्ठ नेता हैं, बल्कि काफी मुखर भी माने जाते हैं। तमाम मामलों पर राय देने के मामले में वो हमेशा आगे रहते हैं। हालांकि, इस मामले में सफाई देने के लिए उन्होंने फिलहाल ट्विटर को चुना है।
जशोदाबेन पर मोदी को दी थी सीख
हाल में जब भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी ने वडोदरा से नामांकन दाखिल कर जशोदाबेन को अपनी पत्नी स्वीकार किया था, तो दिग्विजय सिंह ने उन पर करारा हमला बोला था।
दिग्गी ने कहा था कि उन्हें इस बात की खुशी है कि मोदी ने सच स्वीकार किया, लेकिन उन्हें यह भी बताना चाहिए था कि अब तक उन्होंने जशोदाबेन को अपनी पत्नी का दर्जा क्यों नहीं दिया?
दिग्गी की वजह से कांग्रेस मुश्किल में
मोदी पर हमला होने के बाद जब भाजपा समर्थकों ने कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह के खिलाफ हमला बोला, तो उन्होंने कहा कि वो जब भी दूसरी शादी करेंगे, डंके की चोट पर करेंगे। हालांकि, किसी को भी इस बात का अंदाजा नहीं रहा होगा कि वो बहुत जल्द इस तरह का खुलासा करने वाले हैं।
दूसरी तरफ चुनावों के बीच इस तरह का खुलासा कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है, क्योंकि वो इन दिनों आक्रामक रुख के साथ मोदी पर उनकी शादी को लेकर हमले बोल रही है।