लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना के बीच विधानसभा चुनाव की सीटों को लेकर समझौता होने के संकेत मिले हैं।
बीजेपी और शिवसेना के नेताओं की बैठक के बाद बीजेपी नेता विनोद तावडे ने कहा कि दोनों नेताओं का मानना है कि लंबे समय से चला आ रहा हमारा गठबंधन कायम रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि हमने विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की है और सहयोगी दलों से विचार-विमर्श कर अंतिम ऐलान किया जाएगा।
हालांकि सूत्रों के हवाले से खबर है कि शिवसेना ने सीटों के बंटवारे को लेकर बीजेपी को जो नया प्रस्ताव दिया है उसे बीजेपी के नेताओं ने स्वीकार कर लिया है।
नए प्रस्ताव के तहत महाराष्ट्र में भाजपा 130 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि शिवसेना 151 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा 7 सीटें अन्य सहयोगी दलों को दी जाएंगी।