बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के खिलाफ ‘हिट एंड रन’ मामले से जुड़ी जानकारी अपनी वेबसाइट पर डालने पर स्थानीय अदालत में शिकायत दर्ज कराई गई है।
सामाजिक कार्यकर्ता ने अपनी शिकायत में कोर्ट की अवमानना का आरोप लगाते हुए ‘दबंग’ खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अभिनेता ने हाल ही में अपनी वेबसाइट www.salmankhanfiles.com लांच की थी।
मुंबई सेशन कोर्ट ने पिछले महीने आदेश दिया था कि अभिनेता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला चलना चाहिए। इसमें अगर सलमान दोषी पाए जाते हैं तो उनको 10 साल तक की कैद हो सकती है।
सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत पाटिल के वकील वाजिद खान के मुताबिक, जब मामला न्यायालय में विचाराधीन है तब वह मामले की सुनवाई के बारे में जानकारी इंटरनेट पर कैसे साझा कर सकते हैं।
पाटिल ने दावा किया है कि इस संदर्भ में सलमान खान के खिलाफ शिकायत दर्ज करने से बांद्रा पुलिस स्टेशन ने इंकार कर दिया और इसके चलते उन्हें मजिस्ट्रेट कोर्ट का रुख करना पड़ा।
मजिस्ट्रेट ने पाटिल की शिकायत स्वीकार कर ली और अब इस मामले की सुनवाई 5 अगस्त को होगी।