मेरठ में लालकुर्ती में हुए सांप्रदायिक बवाल में बुधवार को ही समझौता हुआ था कि अब शुक्रवार को सौ रुपये के विवाद में ब्रह्मुपरी थाने के बगल में बवाल हो गया। दोनों समुदाय के बीच जमकर मारपीट, पथराव और फायरिंग हुई। इसमें 15 लोग घायल हो गए। पुलिस के लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। देर रात तक दोनों पक्षों में तनाव बरकरार था। दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इस पर भाजपाइयों ने एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाकर थाने में हंगामा किया।
ब्रह्मुपरी थानाक्षेत्र के पूर्वा इलाही बक्श निवासी तीन युवक भूमियापुल स्थित सैलून की दुकान पर गए थे। इसी दौरान मोहल्ले का ही दूसरे समुदाय का एक और युवक और उसके दोस्त भी दुकान पहुंचे। वहां 100 रुपये के लेनदेन को लेकर चले आ रहे विवाद में मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद दोनों समुदाय के लोगों आमने सामने आ गए। आरोप है कि एक समुदाय ने दूसरे समुदाय के लोगों के घर में घुसकर हमला किया। पथराव में दोनों पक्षों के 15 लोग घायल हुए हैं।
बवाल की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी ओंकार सिंह, एसपी सिटी ओमप्रकाश और सीओ ब्रह्मपुरी विजय प्रताप यादव और सीओ रूपेश कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। देर रात तक दोनों समुदाय के लोग अपनी अपनी गली में जमे थे।
मकान के सामने खड़े होने पर बवाल
मुजफ्फरनगर के रसूलपुर कैलोरा में धार्मिक स्थल का माइक बंद कराने को लेकर कहासुनी के बाद दो पक्षों में झगड़ा हो गया। जिसमें एक पक्ष के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इससे गांव में तनाव बन गया। जिसकी जानकारी मिलने पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। देर रात तक जिम्मेदार लोग दोनों पक्षों को समझा बुझा कर मामले के निपटारे को प्रयासरत थे।
रसूलपुर कैलोरा गांव में शुक्रवार शाम को कुछ लोगों ने धार्मिक स्थल पर बज रहे लाउडस्पीकर को बंद करा दिया था, जिसको लेकर कहासुनी भी हो गई थी, तब जिम्मेदार लोगों ने सभी को समझा बुझा कर शांत कर दिया था। सभी अपने घरों को लौट गए। कुछ देर बाद एक समुदाय के युवक के मकान में सामने दूसरे समुदाय के युवक खड़े थे। उनके वहां खड़े होने का एतराज किया तो कहासुनी हो गई। आरोप है कि एक पक्ष ने लाठी डंडों से धारा के मकान पर धावा बोल कर परिजनों पर हमला कर दिया। जिसमें महिलाएं सहित अन्य घायल हो गए। इससे गांव में सांप्रदायिक तनाव बन गया। जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
झगड़े की खबर पाकर इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह पुलिस बल समेत गांव पहुंच गए। देर रात तक ग्राम प्रधान समेत सभी जिम्मेदार लोग गांव में शांति व्यवस्था के लिए दोनों पक्षों को समझा बुझा कर मामले के निपटारे के प्रयास में लगे थे।
बाजार में बाइक से गिरने पर बवाल
कन्नौज के कस्बा तालग्राम के मुख्य बाजार में किराने की दुकान में बाइक घुस जाने पर दो समुदायों के लोग भिड़ गए। मारपीट के बाद दुकान में तोड़फोड़ और लूटपाट की गई। पथराव में चार लोग घायल हो गए। इससे आनन-फानन में बाजार बंद हो गया। एहतियात के तौर पर पुलिस फोर्स और पीएसी तैनात कर दी गई है।
कटरा मुहल्ला निवासी युवक की मुख्य बाजार में सब्जी मंडी के गेट के पास फुटपाथ पर परचून और अनाज की दुकान है। शुक्रवार को बाजार का दिन होने से भीड़भाड़ थी। दुकान मालिक का पुत्र और भांजा दुकानदारी कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे समुदाय के दो युवकों की बाइक असंतुलित होकर चने के बोरे से टकरा गई, जिससे चना बिखर गया। दुकानदार ने उलाहना दिया तो कहासुनी हो गई। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। इससे बाजार में अफरातफरी मच गई। दुकानदार से मारपीट देख आसपास के अन्य दुकानदारों और लोगों ने भी पथराव शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे तक मारपीट होती रहे। बाद में हमलावर बाइक छोड़कर भाग गए। दुकानदार का कहना है कि युवकों ने दुकान में तोड़फोड़ और लूटपाट की।
घटना की सूचना पाकर भाजपा नेता नीलू चौहान, महामंत्री हरनाथ राजपूत मौके पर पहुंचे और घटना के विरोध में पूरी मार्केट बंद करा दी। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए दोनों तरफ से थाने में तहरीर दी गई। दूसरे पक्ष का कहना है कि उसका लड़का बाइक से चेयरमैन से रुपये लेने गया था। इसी दौरान एक समुदाय के साथियों के साथ घेरकर उसे पीटा। बाइक तोड़ डाली। आग लगाने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना पर सीओ सदर करन सिंह, कार्यवाहक थानाध्यक्ष तारकनाथ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तिर्वा, ठठिया व कन्नौज थाने की फोर्स भी बुला ली। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पीएसी भी बुला ली गई। सीओ के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन पर दुकानदार शांत हुए। कार्यवाहक थानाध्यक्ष का कहना है कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है।