छात्रा के अपहरण मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के शामली जिला के कांधला में हुई महापंचायत में मुजफ्फरनगर से आए आचार्य जसवीर सिंह के विवादित बयान से माहौल गरमा गया। बयान से खफा मुस्लिमों ने कांधला थाने पर हंगामा-प्रदर्शन कर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराने की मांग की।
मामले की जानकारी मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंच गए और लोगों की समझाकर शांत किया। उधर, अनहोनी की आशंका से शाम होते ही बाजार बंद हो गए। देर शाम तक भीड़ थाने में ही जमा रही।
इस मामले में पुलिस ने आचार्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक लापता छात्रा और आरोपी युवक बसंत विहार दिल्ली में मिल गए हैं। उन्हें कांधला लाने के लिए पुलिस रवाना हो गई है।
छात्रा को शीघ्र बरामद करने की मांग
करीब 23 दिन से अपहृत छात्रा को बरामद करने के लिए सर्व समाज की
महापंचायत शुक्रवार को कांधला में डाक बंगले के पास मैदान पर हुई।
महापंचायत में भाजपा सांसद हुकुम सिंह, विधायक सुरेश राणा, बजरंग दल के
बलराज डूंगर, विहिप नेता सुदर्शन चक्र महाराज सहित शामली, मुजफ्फरनगर और
आसपास के इलाके से आए लोगों ने छात्रा को शीघ्र बरामद कराने और कांधला थाने
में जाने वाले लोगों पर दर्ज संगीन मुकदमा वापस कराने की मांग उठाई।
प्रदेश की सपा सरकार को जनविरोधी बताया तथा पुलिस प्रशासन पर जमकर आरोप
लगाए। इसी दौरान मुजफ्फरनगर से आए आचार्य जसवीर सिंह ने मंच से आपत्तिजनक
टिप्पणी कर दी। (तस्वीर में-महापंचायत में बोलते भाजपा सांसद हुकुम सिंह)
कराया मामला शांत
उसको लेकर पंचायत के दौरान ही दूसरे समुदाय के दो व्यक्ति
मौके पर पहुंचे और बयान की निंदा की। मंच पर मौजूद लोगों ने स्थिति को
संभालते हुए मामला शांत किया। पंचायत समाप्त होने पर जब लोग चले गए, तब
दूसरे समुदाय के सैकड़ों लोग इकट्ठा होकर कांधला थाने पहुंचकर गए।
आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और गिरफ्तारी की
मांग को लेकर हंगामा प्रदर्शन किया। एएसपी वीके मिश्रा, सीओ कैराना एनपी
सिंह और अन्य अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। देर शाम तक
लोगों की भीड़ थाने पर रही और मुकदमा दर्ज कराने के लिए मीटिंग चलती रही।
उधर, विवादित बयान से कस्बा कांधला का माहौल गरमा गया। शाम छह बजे से पहले
ही बाजार बंद हो गए। दिनभर कस्बे में और पंचायत स्थल पर पुलिस और पीएसी
तैनात रही। मामले में कांधला थाने पर उपनिरीक्षक अवनीश अष्टवाल की ओर से
आचार्य जसवीर सिंह निवासी बघरा के खिलाफ विशेष संप्रदाय की धार्मिक भावना
को ठेस पहुंचाने के आरोप में धारा 153, 153ए के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। (तस्वीर में- महापंचायत के दौरान बोलते मौलाना अफजाल)