हास्य कलाकार जसपाल भट्टी की गुरूवार तड़के पंजाब के शाहकोट इलाके में सड़क हादसे में मौत हो गई। 57 वर्षीय भट्टी फिल्म 'पावर कट' के प्रमोशन के लिए भ्ाटिंडा से जालंधर जा रहे थे, तभी उनकी कार एक पेड़ से टकरा गई।
सूत्रों के अनुसार, जसपाल भट्टी का पार्थिव शरीर जालंधर के एक अस्पताल में रखा गया है। वहीं, दुर्घटना में उनके बेटे जसराज, फिल्म अभिनेत्री सुरील गौतम और मीडिया एडवाइजर को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को जालंधर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गाड़ी उनके बेटे जसराज चला रहे थे।
गौरतलब है कि जसपाल भट्टी टीवी और सिनेमा के जाने-माने हास्य अभिनेता थे। वह दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम 'उल्टा-पुल्टा' और 'फ्लॉप शो' से लोकप्रिय हुए थे। इससे पूर्व वह चण्डीगढ़ में ट्रिब्यून अख़बार में कार्टूनिस्ट के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने समय-समय पर महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर अपनी शैली में विरोध किया।