उत्तर भारत को हाड़ कंपा देने वाली ठंड से राहत मिले दो-तीन दिन ही हुए थे कि शनिवार को हिमालयी क्षेत्र में आए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ने मौसम का मिजाज बदल कर रख दिया। इस डिस्टर्बेंस की वजह से शनिवार को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल व उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश हुई।
इसका असर मैदान पर पड़ना तय है। मौसम विभाग की मानें तो 15 जनवरी तक सर्दी का झोंका मैदानी इलाकों में पहुंच जाएगा और यहां पारा 4.0 डिग्री तक गिर जाएगा। 15 जनवरी को दोबारा बेस्टर्न डिस्टर्बेंस आएगा और इसके चलते 16 और 17 जनवरी तक एनसीआर में बारिश हो सकती है। इसके बाद 20 जनवरी तक पारा दोबारा गिरेगा।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से शनिवार को जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी हुई। हिमपात की वजह से श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे बंद करना पड़ा। श्रीनगर में आधा इंच बर्फबारी हुई। यहां न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री रहा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, सिरमौर और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में भी हिमपात हुआ, जबकि शिमला में हल्की बारिश हुई। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी बर्फ गिरे।
उधर, राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को लोगों को ठंड का सितम नहीं झेलना पड़ा। यहां न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री रहा। पंजाब और हरियाणा में भी न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा में करनाल सबसे ठंडा रहा। यहां पारा 5.0 डिग्री तक पहुंचा। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में ठंड से थोड़ी राहत मिली है, लेकिन कुछ हिस्सों में अब भी सर्दी का सितम जारी है। यहां पारा सामान्य से 6 से 11 डिग्री तक नीचे पहुंच रहा है।
12 और 15 जनवरी के वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक-दो दिन बाद उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं, जिससे एनसीआर में पारा नीचे गिरेगा। हालांकि दोबारा कड़ाके की ठंड पड़ने की उम्मीद नहीं है। - डॉ. रंजीत सिंह, मौसम वैज्ञानिक