तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा को जयललिता की अन्नाद्रमुक से गठबंधन की अब भी उम्मीद है। उसे लगता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जयललिता के अच्छे रिश्ते चुनाव गठबंधन में काम आएंगे। इसलिए पार्टी रणनीतिकार अंत तक उनसे गठजोड़ का प्रयास करेंगे।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने चुनाव प्रचार में लगे नेताओं को इस बात पर खास ध्यान देने को कहा है कि वे जयललिता के खिलाफ कोई टिप्पणी न करें। तो भविष्य की रणनीति के तहत शाह ने पार्टी नेताओं को असम में असम गण परिषद (अगप) के प्रति भी नरमी बरतने के निर्देश दिए हैं।
सूत्र बताते हैं कि सोशल मीडिया पर असम, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की कमान संभाल रहे पार्टी के रणबांकुरों से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि वे तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता के खिलाफ हमला न बोलें। उनसे गठबंधन की संभावनाएं बरकरार हैं।