हैलट के बाहर शुक्रवार शाम मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों और सपा विधायक इरफान सोलंकी तथा उनके समर्थकों में हुए खूनी संघर्ष के बाद पुलिस ने मेडिकल कॉलेज कैंपस में घुसकर सीनियर और जूनियर डॉक्टरों को लाठियों से पीटा।
कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. नवनीत कुमार और सीनियर प्रोफेसर डॉ. आरपी शर्मा को भी पीटा गया। हॉस्टलों के बाहर और भीतर खड़ी कारें, बाइकें तोड़ डाली।
हॉस्टल में जमकर की तोड़फोड़
कमरों में रखे लैपटॉप, मोबाइल फोन, कूलर, खाने के बर्तन और अन्य कीमती सामान तहस-नहस कर दिए। किताबें और नोट बुक पर फाड़ डालीं। पानी डालकर उन्हें गीला कर दिया।
दहशतजदा डॉक्टरों ने हॉस्टल के बाथरूम और मेडिकल कॉलेज और सीएसए के जंगलों में छिपकर अपनी जान बचाई। आरोप है कि पुलिस ने कई जूनियर डॉक्टरों को हॉस्टल के ऊपर से फेंक दिया।
प्रिंसिपल, सीनियर प्रोफेसर को भी नहीं बक्शा
चार छात्रों को फ्रैक्चर हुआ और कई के सीने और शरीर में चोटें आई हैं। सचिन नामक मेडिकल छात्र की रीढ़ और कूल्हे की हड्डी में फैक्चर की बात कही गई है। सचिन आर्य नगर केएक निजी हॉस्पिटल में भर्ती है।
स्वरूप नगर पुलिस ने इस मामले में तीन एफआईआर दर्ज की है। इनमें एक विधायक और दो पुलिस की तहरीर पर लिखी गई हैं। इधर, डॉक्टरों के समर्थन में हैलट और उसके आसपास स्थित दवा दुकानें बंद रहीं।
पिटाई के बाद भड़का विवाद
जीएसवीएम कॉलेज गेट के पास शुक्रवार की शाम एक बुजुर्ग को पिटाई से बचाने के चक्कर में सपा विधायक इरफान सोलंकी, उनके समर्थकों और जूनियर डॉक्टरों में संघर्ष हो गया था। गोलियां चली थीं।
पुलिस के पहुंचने के बाद विधायक समर्थकों ने खूब उत्पात मचाया था। स्वरूप नगर रोड जाम कर नारेबाजी की थी। हैलट पुलिस चौकी और अस्पताल परिसर में स्थित मेडिकल स्टोर पथराव किया था। इसके बाद पुलिस ने ताडंव किया।
रात में पुलिस ने की कार्रवाई
रात में आला पुलिस अफसरों की अगुवाई में पुलिस, पीएसी और आएएफ ने मेडिकल कालेज परिसर में घुस कर जो मिला, उसे पीटा। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. नवनीत कुमार के परिचय देने के बाद भी गाली-गलौच और मारपीट की।
एक विभागाध्यक्ष डॉ. आरपी शर्मा को सड़क पर गिराकर पीटा गया। जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि रात दो बजे पुलिस कर्मी फिर मेडिकल कॉलेज में आए। ब्यॉज हॉस्टल बीएच-थ्री और फोर में घुसकर उत्पात मचाया।
सादे कपड़ों में थे सपा समर्थक
बीएच-फोर में रहने वाले जूनियर डॉक्टर शिवपूजन ने बताया कि पुलिस वालों के साथ सादे कपड़ों में विधायक इरफान सोलंकी के समर्थक भी थे। उन लोगों ने हॉस्टल के बाहर खड़ी सात कारें, सौ से ज्यादा बाइक तोड़ डाली।
हॉस्टल में रहने वाले मेडिकल छात्रों के कमरों में घुसकर लैपटॉप, मोबाइल फोन, खाने के बर्तन, कूलर, गृहस्थी के दूसरे सामान, तख्त, मेज-कुर्सी सब कुछ तहस-नहस कर दिया। किताबें और नोट बुक फाड़ दी। उन पर पेशाब की गई।
पुलिस ने की 100 राउंड फायरिंग
डॉ. शिव कुमार की मानें तो पुलिस वालों ने 100 से ज्यादा राउंड फायरिंग भी की। इसके बाद छात्रों को कमरों से घसीट लिया। कपड़े उतरवाकर उन्हें बेहरमी से पीटने के बाद घसीटते हुए स्वरूप नगर थाने तक ले जाया गया।
आरोप है कि पुलिस ने मेडिकल छात्र सचिन समेत कई छात्रों को हास्टल की गैलरी से नीचे फेंक दिया। दहशतजदा छात्रों ने बाथरूम में खुद को कैद करके अपनी जान बचाई। कई छात्र कालेज की दीवार फांद कर सीएसए के जंगल में छिप गए।