संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम शनिवार शाम को घोषित करेगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पहली बार आयोग साक्षात्कार के चार दिन के भीतर परीक्षा परिणाम घोषित करेगा। उन्होंने कहा कि आयोग सिविल सेवा परीक्षा, 2014 के अंतिम परिणाम शनिवार शाम को घोषित करेगा।
आयोग ने पिछले वर्ष 24 अगस्त को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की थी। देशभर के 59 केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में करीब 4.51 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे।
इनमें से 16, 933 उम्मीदवारों ने मुख्य परीक्षा के लिए क्वालिफाई किया था। इस साल 13 मार्च को घोषित मुख्य परीक्षा के परिणाम में 3,308 छात्रों को साक्षात्कार या पर्सनेलेटी टेस्ट के लिए चुना गया था। ये साक्षात्कार 27 अप्रैल से 30 जून तक चले थे। सिविल सेवा परीक्षा के जरिए कुल 1,364 पदों को भरा जाएगा।