3600 करोड़ रुपये की हेलीकॉप्टर डील में कथित तौर पर रिश्वत देने के आरोपों की जांच में जुटी सीबीआई को रक्षा मंत्रालय ने कुछ और अहम दस्तावेज सौंपे हैं।
यह दस्तावेज इस डील में शामिल इतालवी कंपनियों को भेजे गए कारण बताओ नोटिस से संबंधित हैं। साथ ही सीबीआई आरोपियों से जल्द पूछताछ की भी योजना बना रही है।
सीबीआई सूत्रों ने कहा कि रक्षा मंत्रालय ने इतालवी कंपनी फिनमेकानिका और ब्रिटेन की अगस्ता वेस्टलैंड को नोटिस भेजे थे।
हाल ही में रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों से बैठक के बाद इन नोटिस और इनके जवाब सीबीआई को सौंपे गए हैं। मंत्रालय ने नोटिस भेज कर पूछा था कि भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते आखिर क्यों डील को रद्द नहीं किया जाए।
हालांकि कंपनी ने अपने जवाब में कहा था कि उसने किसी भी तरह के नियम का कोई उल्लंघन नहीं किया है। मगर रक्षा मंत्री एके एंटनी ने इसे खारिज कर दिया था।
सूत्रों ने कहा कि मंत्रालय ने डील से संबंधित सभी दस्तावेज सौंप दिए हैं, जो जांच प्रकिया का हिस्सा हैं और इसी के आधार पर सवालों की सूची तैयार की जा रही है।
एजेंसी जांच के दौरान विदेश से भी जानकारी इकठ्ठा करने पर काम कर रही है। यह काम पूरा होने के बाद सीबीआई चार देशों ग्रेट ब्रिटेन, इटली, मारीशस और ट्यूनिशिया को न्यायिक जांच के लिए पत्र भेज सकता है।