फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत में 19 किमी भीतर तक घुसी चीनी सेना

Sat, 27 Apr 2013 12:29 PM IST
नई दिल्ली/एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को एक संसदीय समिति को बताया कि चीनी सेना जम्मू-कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में भारतीय सीमा में 19 किमी. भीतर तक घुस आई है।
विज्ञापन


पड़ोसी मुल्क की सेना ने यहां टेंट तक लगा लिए हैं। साथ ही सरकार ने कहा है कि इस बात के प्रयास किए जा रहे हैं कि सीमा (एलएसी) पर यथास्थिति बरकरार रहे।

सूत्रों के अनुसार रक्षा सचिव शशिकांत शर्मा और कुछ अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने रक्षा से जुड़ी संसदीय स्थायी समिति को बताया है कि सीमा की कड़ी निगरानी के लिए पर्याप्त संख्या में भारतीय जवानों की तैनाती कर दी गई है।

शर्मा और अन्य अधिकारी समिति के समक्ष इसलिए पेश हुए थे, क्योंकि भाजपा नेता और समिति के सदस्य मुख्तार अब्बास नकवी और प्रकाश जावडेकर ने लद्दाख क्षेत्र में चीनी घुसपैठ पर सरकार से पूरी जानकारी मांगी थी।
विज्ञापन


वैसे अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी से समिति के सदस्य संतुष्ट नहीं हुए और बैठक बीच में ही स्थगित हो गई। समिति के कुछ सदस्यों का कहना था कि रक्षा विभाग के अधिकारियों की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी अधूरी है, जबकि उन्होंने सीमा पर उत्पन्न मौजूदा हालात की असल जानकारी मांगी थी।

उन्होंने अधिकारियों से समिति की 30 अप्रैल को होनी वाली बैठक में वास्तविक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।

सूत्रों के अनुसार अधिकारियों ने समिति को बताया है कि 16 अप्रैल को सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त लगा रहे भारतीय जवानों से मिली जानकारी के अनुसार चीनी सेना एलएसी के 19 किमी. भीतर तक घुस आई है और उन्होंने यहां टेंट लगा लिए हैं।

साथ ही अधिकारियों ने बताया है कि इस मुद्दे को दोनों देशों के बीच फ्लैग मीटिंग में उठाया गया है और राजनीतिक स्तर पर इस बात के प्रयास किए जा रहे हैं कि सीमा पर यथास्थिति बरकरार रहे।
विज्ञापन


रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने संसदीय समिति से कहा है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा को लेकर भारत और चीन के बीच लंबे समय में विवाद है, क्योंकि कई क्षेत्रों में एलएसी को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेद है। कई इलाके  ऐसे हैं जिन पर दोनों देश दावा करते हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें