चीन की ओर से भारतीय सीमा में घुसपैठ करने की घटनाओं पर विराम नहीं लग रहा है। चीनी सैनिक लद्दाख के बुर्तसे क्षेत्र में करीब 25 से 30 किमी तक भारतीय सीमा में घुस आए हैं।
यह वही क्षेत्र है, जहां पिछले साल चीनी सैनिक करीब तीन हफ्ते तक टेंट लगाकर डटे रहे थे। हालांकि उधमपुर स्थित सेना प्रवक्ता कर्नल एसडी गोस्वामी ने इस तरह की घटना से इनकार किया है, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि एलएसी पर स्थिति स्पष्ट नहीं होने के चलते यह समस्या हो रही है।
आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि भारतीय जवान रविवार को जब अपने बेस से उत्तरी लद्दाख बुर्तसे क्षेत्र में ‘नए पेट्रोल बेस’ की ओर पेट्रोलिंग कर रहे थे, उसी समय उनकी नजर पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की गतिविधियों पर पड़ी। यह क्षेत्र करीब 17 हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित है।