वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अरूप राहा ने चीनी नेताओं की भारत यात्रा के दौरान सीमा पर घुसपैठ के संदर्भ में कहा है कि इन घटनाओं के पीछे कोई सोची समझी रणनीति हो सकती है। हालांकि उन्होंने चीन या किसी अन्य देश के नेता का सीधे तौर नाम नहीं लिया।
वायु सेना के सालाना प्रेस कांफ्रेंस में चीनी सेना की हाल की घुसपैठ पर पूछे गए सवाल पर राहा ने कहा कि वह इस मामले में किसी तरह का कयास नहीं लगा रहे। उन्होंने चीनी सेना की तरफ इशारा करते हुए सवाल खड़ा किया कि उनके बड़े नेताओं की यात्रा के वक्त ही घुसपैठ की घटना क्यों होती है। यह एक गुत्थी है।
उन्होंने कहा कि आप सभी को पता है कि कूटनीति में कई तरह के संकेत दिए जाते हैं, विशेषकर हमारे उत्तरी पड़ोसी की ओर से। मेरे हिसाब से इन घटनाओं का कोई संकेत हो सकता है। लेकिन मैं यह कयास लगाने नहीं जा रहा हूं कि इन घटनाओं का सही मायने में क्या उद्देश्य था।