प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जकीउर रहमान लखवी की रिहाई के मुद्दे पर पाक का समर्थन करने वाले चीन को आतंकवाद पर साफ संदेश देते हुए कहा है कि सभी देशों को बगैर किसी भेदभाव के आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी।
मोदी ने रूस के उफा में ब्रिक्स के शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए चीन को यह नसीहत भी दी कि शांति और स्थिरता ही सामाजिक और आर्थिक प्रगति की बुनियाद है। लिहाजा हम सभी की यह जिम्मेदारी है कि हम आतंकवाद की मौजूदा चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटें।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मौजूदगी में मोदी ने कहा कि हमें एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ किसी समूह या देश या आर्थिक मदद देने वाले के बीच बगैर भेदभाव किए लड़ना होगा। उन्होंने कहा कि हरेक देश को अंतरराष्ट्रीय नियमों और मानदंडों का पालन करना चाहिए।
इसके अलावा पीएम मोदी ने वर्तमान वैश्विक जरूरत के मुताबिक संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में तत्काल सुधार की जमीन तैयार की। साथ ही इस साल के आखिर में फ्रांस में होने वाले जलवायु परिवर्तन शिखर सम्मेलन में ठोस निर्णय लेने को कहा। इस बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ब्राजील की राष्ट्रपति डिल्मा रूसेफ और दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति जैकब जुमा भी मौजूद रहे।