रिक्शा चालक ने जौहर ट्रस्ट की ओर से संचालित रामपुर पब्लिक स्कूल की तीसरी शाखा का शिलान्यास किया। इस दौरान नगर विकास मंत्री आजम खां ने घोषणा की कि नये रामपुर पब्लिक स्कूल में रिक्शा चालकों, मजदूरों के बच्चों का दाखिला होगा। महज 20 रुपये की मासिक फीस में अच्छे स्तर की शिक्षा मुहैया कराई जाएगी।
जौहर ट्रस्ट की ओर से संचालित रामपुर पब्लिक स्कूल की तीसरी शाखा की संगे बुनियाद रविवार को सराय गेट रोड पर रखी गई। रविवार को एक समारोह के दौरान रिक्शा चालक अहमद अली मियां ने नगर विकास मंत्री की मौजूदगी में शिलापट से पर्दा उठाया। नगर विकास मंत्री आजम खां ने कहा कि रामपुर का सबसे सस्ता स्कूल आरपीएस होगा।
स्कूल में मजदूर, रिक्शा चालक, ठेली चालकों के बच्चे अच्छी शिक्षा हासिल कर सकेंगे। हर माह पढ़ाई के लिए 20 रुपये फीस देनी होगी। 20 रुपये फीस रखना इसलिए जरूरी है, क्योंकि मजदूरों के अहसास को चोट न पहुंचे। 20 रुपये रोज रिक्शा चालक और मजदूर बीड़ी, पान, सिगरेट में फूंक देते हैं। इतना खर्च अपने बच्चों की तालीम पर खर्च कर सकते हैं। यदि वो बीस रुपये भी खर्च नहीं कर सकते तो उनको बच्चे पैदा करने का कोई हक नहीं है।