अधिकार यात्रा पर निकले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विरोध कम होने का नाम नहीं ले रहा है। चप्पल, जूते फेंके जाने के बाद अब नीतीश पर कुर्सी फेंकने का मामला सामने आया है।
अपनी अधिकार यात्रा के दौरान नवादा पहुंचे नीतीश कुमार के मंच पर चढ़ने के दौरान उनपर कुर्सी फेंकी गई। नीतीश नवादा में एक रैली को संबोधित करने वाले थे और उसी दौरान एक युवक ने अचानक उनके ऊपर कुर्सी फेंक दी। नीतीश को किसी तरह की चोट नहीं आई है। पुलिस ने कुर्सी फेंकने वाले युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि उसने नीतीश पर कुर्सी क्यों फेंकी।
गौरतलब है कि नीतीश को अपनी अधिकार यात्रा के दौरान भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दिनों दरभंगा में शिक्षकों ने उन्हें चप्पल दिखाई थी। इसके अलावा खगड़िया और बेगूसराय जिले में उपद्रव और आगजनी की घटना हुई थी। इस बवाल को रोकने के लिए पुलिस को हवाई गोलीबारी के अलावा आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े थे।