फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारतीय जवानों का सिर काटा, पाक हाई कमिश्नर तलब

Wed, 09 Jan 2013 01:16 PM IST
नई दिल्ली/इंटरनेट डेस्क
विज्ञापन
विज्ञापन
नियंत्रण रेखा पर दो सैनिकों की हत्या और सीज फायर का उल्लंघन करने के मामले में केंद्र सरकार ने पाकिस्तानी हाई कमिश्नर सलमान बशीर को तलब किया।
विज्ञापन

 
केंद्र ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में पाकिस्तानी सेना के नियंत्रण रेखा पार करके दो भारतीय सैनिकों की हत्या को उकसावे की कार्रवाई बताया।
 
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत सरकार इस घटना को उकसावे की कार्रवाई मानती है और हम इसकी कड़ी आलोचना करते हैं।

बयान में कहा गया कि इस मामले पर दोनों देशों के उच्चाधिकारी संपर्क में है और भारत सरकार इस मामले को पाकिस्तान सरकार के साथ उठाएगी।

मंत्रालय ने कहा कि भारत चाहता है कि पाकिस्तान दोनों देशों के बीच युद्धविराम समझौते का सख्ती से पालन करे। रक्षामंत्री एके एंटनी ने कहा कि पाकिस्तान सेना ने जवानों की शवों को अमानवीय तरीके से क्षत-विक्षत किया।

उन्होंने कहा कि हमने पाकिस्तान से अपना कड़ा विरोध दर्ज करा दिया है। एंटनी ने बताया है कि रक्षा मंत्रालय स्थिति पर नजर रखे हुए है और हमारे डीजीएमओ पाकिस्तान के डीजीएमओ से इस मुद्दे पर बात करेंगे।
विज्ञापन


विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा है कि भारत सरकार इस मुद्दे को पाकिस्तान सरकार के साथ गंभीरता से उठाएगी। खुर्शीद ने कहा है कि पाकिस्तान के इस कदम का दोनों देशों के रिश्ते पर बुरा असर पड़ सकता है।

भाजपा नेता अरुण जेटली ने कहा है कि सरकार इस मुद्दे को दुनिया के सामने उठाए और पाकिस्तान को बेनकाब करे।

साऊथ ब्लॉक पहुंचे बशीर
जवानों की हत्या के मुद्दे पर जवाब देने के लिए पाकिस्तानी उच्चायुक्त सलमान बशीर आज साउथ ब्लॉक पहुंचे। वहां, विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, खुफिया विभाग और सेना की हालात का आंकलन कर रही है।

बताया जा रहा है कि विदेश मंत्रालय इस मामले में भारतीय सेना की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, उसके बाद ही सरकार अपने स्तर पर कार्रवाई करेगी।

गौरतलब है कि मंगलवार को पाकिस्तानी सैनिक सीमा लांघ कर भारतीय क्षेत्र में घुस आए थे और भारतीय सेना के जवानों पर हमला कर दिया। हमले में दो भारतीय जवान शहीद हो गए जबकि दो घायल हैं।

पाकिस्तानी सैनिकों ने दोनों जवानों की बर्बरता से हत्या कर उनका सिर काट दिया। वे एक जवान का सिर साथ ले गए जबकि एक का शव क्षत-विक्षत मिला है। हालांकि सेना ने सिर काटे जाने की पुष्टि नहीं की है।

यह हमला पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर के मनकोट इलाके में मंगलवार सुबह हुआ। पाकिस्तानी सेना की बॉर्डर एक्शन टीम (बीएटी) के जवान एलओसी से भारतीय क्षेत्र में 100 मीटर अंदर तक घुस आए और भारतीय सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला कर दिया।

हमले में लांस नायक हेमराज और लांस नायक सुधाकर सिंह शहीद हो गए। पाकिस्तान ने एक बार फिर न केवल संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है बल्कि अंतरराष्ट्रीय नियमों की भी धज्जियां उड़ाई हैं।

दिन में इस हमले के बाद देर शाम पाक सेना ने फिर सात भारतीय चौकियों क्रांति वन, क्रांति टू, घोड़ा, कृपाण, रवि, नंगी टेकरी पर गोलाबारी शुरू कर दी जो देर रात तक रुक-रुक कर जारी थी।

यह गोलाबारी पाक की कद्दू और चूहा चौकियों से की जा रही है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसे उकसाने वाली कार्रवाई बताते हुए कड़े शब्दों में निंदा की है। इस घटना को लेकर रक्षा मंत्रालय भी गंभीर है।बीएसएफ को सतर्क कर दिया गया है।

सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि पाक सेना के जवानों ने आतंकियों को घुसपैठ कराने के इरादे से सुबह भारतीय सीमा में प्रवेश किया। उस समय पूरे इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था।

यह मौसम घुसपैठ के लिए बड़ा मुफीद माना जाता है। इसी दौरान एलओसी पर गश्त कर रहे भारतीय जवानों ने पाक सैनिकों को देख मोर्चा संभाल लिया।

जब पाक सैनिकों ने गोलीबारी शुरू की तो भारतीय जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। तकरीबन आधा घंटे तक दोनों ओर से हुई जबरदस्त गोलीबारी के बाद भारतीय जवानों ने घुसपैठ की कोशिश तो नाकाम कर दी, लेकिन इस दौरान दो जवान शहीद हो गए।

सूत्रों ने बताया कि पाक सैनिकों ने शहीद हुए भारतीय जवानों के साथ बेहद नृशंस और अमानवीय व्यवहार किया। हालांकि सेना की ओर से इस बाबत कुछ भी नहीं कहा जा रहा है। भारत की मुंहतोड़ जवाबी कार्रवाई के बाद घुसपैठिये घने कोहरे का फायदा उठाते हुए पीओके की तरफ वापस भाग गए।

48 घंटे में दूसरी बार सीज फायर का उल्लंघन
पाक सेना ने 48 घंटों में दूसरी बार सीज फायर तोड़ा है। सोमवार को उड़ी सेक्टर में पाक गोलाबारी में एक सरपंच का मकान जमींदोज हो गया था। पिछले साल 120 से भी ज्यादा बार सीज फायर समझौते का उल्लंघन किया गया था।
विज्ञापन


एक महीने में पाकिस्तान की ओर से करीब एक दर्जन बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जा चुका है। इनमें ज्यादातर घटनाएं राजौरी, उड़ी और केरन सेक्टर में हुई हैं, ताकि आतंकवादियों को घुसपैठ कराई जा सके।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें