केन्द्र सरकार सोशल मीडिया के जरिए अपनी योजनाओं और उपलब्धियों का प्रचार करेगी। इसके लिए सूचना व प्रसारण मंत्रालय में सोशल मीडिया विंग स्थापित की जाएगी। इन पर आम आदमी अपनी शिकायत और सुझाव दे सकेंगे। ये जानकारी केन्द्रीय सूचना व प्रसारण राज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने शुक्रवार को जयपुर में दी।
राठौड जयपुर ग्रामीण से सांसद हैं और मंत्री बनने के बाद पहली बार जयपुर आए थे। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सोशल विंग सरकार की उपलब्धियों और योननाओं का यू ट्यूब, फेसबुक और ट्विटर आदि के जरिए प्रचार करेगी। विभिन्न मंत्रालयों से जुड़ी समस्याओं और सुझावों के लिए इनके अलग-अलग पेज भी बनाए जाएंगे।
मीडिया पर निगरानी की जरूरत नहीं
उन्होंने कहा कि सरकार का सोशल मीडिया के नियमन या इस पर रोक लगाने का कोई इरादा नहीं रखती। राठौड़ मीडिया के लिए किसी निगरानी तंत्र की जरूरत महसूस नहीं करते। उनका मानना है कि हमारे देश का मीडिया अपनी जिम्मेदारी समझता है और अपनी खुद की निगरानी कर सकता है। उन्होंने कहा कि अब दूरदर्शन और आकाशवाणी में भी पेशेवर रूख अपनाया जाएगा। इसके लिए हाल में मंत्रालय ने दूरदर्शन के लिए कार्यक्रम बनाने वाले निर्माताओं के साथ बैठक की है।
मेरिट व काम ही आधार
राजस्थान से सभी सीटें जीतने के बावजूद कोई केबिनेट मंत्री नहीं होने के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि मोदी सरकार में पूरी तरह से मेरिट और काम के आधार पर काम किया जाएगा। यदि संख्या को ही आधार बनाया जाता तो पिछली सरकार और नई सरकार में कोई अंतर नहीं रह जाता। उन्होंने कहा कि हम राजस्थान से तीन मंत्री है और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के विजन के अनुसार राजस्थान का जो भी काम होगा, उसे केन्द्र में करवाने का प्रयास करेंगे।