फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ईद पर भी ‘नापाक’ हरकत से बाज नहीं आया पाक

विज्ञापन
विज्ञापन
पाक ने मुकद्दस ईद का भी लिहाज नहीं किया। रविवार आधी रात के बाद से पुंछ और राजोरी में नियंत्रण रेखा से लेकर अरनिया सेक्टर में एलओसी तक पाकिस्तान की ओर से अंधाधुंध फायरिंग के साथ डेढ़ सौ से ज्यादा मोर्टार के गोले दागे गए।
विज्ञापन


इस गोलाबारी में अकेले अरनिया सेक्टर में एक बच्ची सहित पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 60 से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं, जिनमें से तीन दर्जन जीएमसी और विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं।

यही नहीं, सोमवार शाम को भी पुंछ सेक्टर के केरनी बेल्ट में फायरिंग की गई और मोर्टार के गोले दागे। भारतीय जवानों ने ईद के चलते पहले तो संयम से काम लिया, लेकिन जब देखा कि पाक बाज नहीं आ रहा है तो उन्होंने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।
विज्ञापन


पाकिस्तान ने इस बार बड़े सुनियोजित ढंग से रिहायशी इलाकों पर मोर्टार के गोले बरसाए हैं। गोलाबारी से पहले इन इलाकों की रेकी किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।

5 की मौत, 60 से ज्यादा जख्मी

बीएसएफ प्रवक्ता ने बताया कि पाक ने सीमा पर एक दर्जन चौकियों और एलओसी पर करीब 80 चौकियों को निशाना बनाया। एलओसी पर पाकिस्तान ने पुंछ जिले के बीजी सेक्टर से लेकर कृष्णा घाटी सेक्टर तक करीब 38 किलोमीटर क्षेत्र में एक साथ गोलाबारी की।

बालाकोट, हमीरपुर, बारुति, रामलुता, कांगागली, लंजोत, सोनागली, साबरगली, मनकोट सहित एलओसी से सटे कई इलाके गोलाबारी की जद में आए।

अरनिया में एक प्ले स्कूल, बस स्टैंड, बाजार और कई मकानों को मोर्टारों से निशाना बनाया गया। यहां वार्ड 13 के एक घर में जन्मदिन का जश्न खत्म भी नहीं हुआ था कि पाक से आए गोले ने रामलाल (60) की जान ले ली।

बड़ी संख्या में लोगों का पलायन

बस स्टैंड पर दो बसें चकनाचूर हों गईं। जम्मू से करीब 55 किलोमीटर दूर बसे अरनिया सेक्टर के छोटे से गांव महाशय दे कोठे में भी कई घरों पर गोले दागे गए। इनमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। इसी परिवार के सात लोग बुरी तरह जख्मी हैं।

कई जानवरों के तो परखच्चे उड़ गए। दर्जनों मकानों की छलनी हुईं दीवारें पाकिस्तानी करतूत का सच बयान कर रही हैं। शाम तक बड़ी संख्या में सीमांत ग्रामीण पलायन कर चुके थे।

पुंछ जिले में सोमवार सुबह से ही पाकिस्तानी सेना ने बालाकोट से लेकर मनकोट सेक्टर तक एलओसी पर स्थित भारतीय सेना की चौकियों पर गोलाबारी शुरू कर दी थी। एक साथ पूरे क्षेत्र में पाकिस्तान द्वारा गोलाबारी किए जाने की यह पहली घटना है।

पाकिस्तान की करतूत
1 व 2 अक्तूबर: पुंछ जिले में दो बार सीजफायर का उल्लंघन, तीन महिलाओं समेत 6 घायल
3 अक्तूबर : गुलमर्ग सेक्टर और पुंछ सेक्टर में फायरिंग, एक लड़की की मौत, 6 घायल
4 अक्तूबर : पुंछ सेक्टर में फिर से फायरिंग और मोर्टार के गोले दागे

बीएसएफ निदेशक को खास निर्देश

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक डी के पाठक को सीमा पर जाने को कहा है। पाठक खुद पूरे हालात का जायजा लेकर उसकी रिपोर्ट गृहमंत्री को सौंपेंगे।

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "पाकिस्तान को अब संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाएं रोकनी चाहिए और इस वास्तविकता को समझना चाहिए कि भारत में समय बदल चुका है।"

सेना पूरी तरह तैयार: जेटली
केंद्रीय रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि लोग आश्वस्त रहें, हमारी सेनाएं और अर्धसैनिक बल पूरी तरह से तैयार हैं और पाकिस्तान की ओर से प्रत्येक उकसावे का जवाब दिया जा रहा है। पाकिस्तान को समझना चाहिए कि दोनों देशों के बीच वह जिस तरह का माहौल पैदा कर रहा है, उससे संबंधों को सामान्य बनाने में निश्चित तौर पर कोई मदद नहीं मिलने जा रही है।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के मुताबिक कश्मीर मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मुद्दा बनाने की कोशिश में नाकाम रहा पाकिस्तान हताशा में ऐसी हरकतें कर रहा है। पाक सेना ने जम्मू-कश्मीर के लोगों को ईद की बधाई देने की बजाय उपहार में बम दिए।
विज्ञापन

टूटी ईद पर मिठाई देने की रस्म

सीमा पर तनाव के चलते कई साल बाद बकरीद के मौके पर सोमवार को अटारी-वाघा सीमा पर भारत-पाकिस्तान के बीच मिठाई का आदान-प्रदान नहीं हुआ।

बीएसएफ के अमृतसर फ्रंटियर के आईजी अशोक कुमार ने बताया कि बीएसएफ और पाक रेंजर्स की रविवार को हुई फ्लैग मीटिंग में इस बार पाकिस्तानी रेंजर्स और विभिन्न अधिकारियों ने बीएसएफ को स्पष्ट कर दिया था कि ईद के अवसर पर वह भारतीय अधिकारियों को मिठाई या फल भेंट नहीं करेंगे।

पाकिस्तान सरकार के उच्च अधिकारियों का आदेश हैं कि मिठाई आदि का आदान प्रदान न किया जाए।

आखिर क्यों चुप है मोदी सरकार: आजाद
पाकिस्तान की ओर से लगातार संघर्ष विराम पर मोदी सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा, "सीमा पर लगातार फायरिंग होना काफी चिंता की बात है। उससे भी ज्यादा दुख की बात यह है कि सरकार भी इस पर चुप्पी साधे बैठी है।"
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें