केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के अंतर्गत बारहवीं की एक मार्च और दसवीं की दो मार्च से होने वाली परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है।
सीबीएसई की ओर से इलाहाबाद क्षेत्रीय कार्यालय के अधीन आने वाले यूपी के 53 जिलों के 207 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी। इलाहाबाद रीजन के दसवीं के 1012 स्कूलों एवं बारहवीं के 729 स्कूलों के परीक्षार्थी क्रमश: 171 एवं 207 केंद्रों पर परीक्षा देंगे।
सीबीएसई परीक्षा 2016 की परीक्षा में इस बार बारहवीं में 89,646 रेगुलर और 9281 प्राइवेट छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इसी प्रकार दसवीं में 86,935 परीक्षार्थी स्कूल बेस्ड एवं 46,206 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।
1.45 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में होंगे शामिल
दसवीं एवं बारहवीं में बोर्ड परीक्षा में कुल 145133 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बागपत, शामली, बिजनौर, मथुरा, एटा, हाथरस, अलीगढ़, पीलीभीत, शाहजहांपुर एवं बरेली सहित 19 जिलों की परीक्षा देहरादून क्षेत्रीय कार्यालय के जिम्मे है।
वहीं इलाहाबाद क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत प्रदेश के 53 जिलों में दसवीं एवं बारहवीं के एक हजार से अधिक विद्यालयों के लिए परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
सीबीएसई परीक्षा एक मार्च से शुरू होकर 22 अप्रैल तक चलेगी। पहले दिन बारहवीं की अंग्रेजी कोर की परीक्षा है।