सुप्रीम कोर्ट ने सीबीएसई को राहत देते कहा है कि एआईपीएमटी परीक्षा का परिणाम 17 अगस्त तक घोषित करें। सीबीएसई जल्द से जल्द परीक्षा की तारीख भी घोषित करे।
इससे पहले कोर्ट ने सीबीएसई को 15 जुलाई तक फिर से परीक्षा कराने का आदेश दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने सीबीएसई से कहा है कि एआईपीएमटी में सफल छात्रों की पहली काउंसिलिंग अगस्त के अंत तक और दूसरी काउंसिलिंग 4 सितंबर तक हो जानी चाहिए।
गौरतलब है कि गुरूवार को सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के समय सीबीएसई ने कहा था कि चार हफ्ते की समय सीमा के भीतर दोबारा ऑल इंडिया प्री मेडिकल और प्री डेंटल टेस्ट(एआईपीएमटी) दोबारा नहीं करा पाएगा। सुप्रीम कोर्ट के समक्ष पेश होते हुए सीबीएसई ने कहा कि चार हफ्ते की समय सीमा के भीतर परीक्षा कराना असंभव है।
इससे पहले यह बात सामने आई थी कि सीबीएसई एआईपीएमटी की परीक्षा को फिर से कराने को लेकर तैयारी कर रहा है। गौरतलब है कि एआईपीएमटी परीक्षा में बड़े पैमाने में हुई धांधली के बाद इस परीक्षा को निरस्त कर दिया गया था। पूरे भारत में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल के बहुत ज्यादा मामले सामने आए हैं।