टूजी आवंटन मामले में सोमवार को सीबीआई के गवाह व रिलायंस कम्युनिकेशंस के हटाए गए अध्यक्ष हसित शुक्ला ने रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी समूह के मुखिया अनिल अंबानी व उनकी पत्नी टीना अंबानी के हस्ताक्षरों की पहचान की जो कि एएए कंसल्टेंसी सर्विसेज कं. का खाता खोलने के फार्म के साथ संलग्न दस्तावेजों पर किए गए थे।
सीबीआई ने दो अप्रैल, 2011 को दाखिल अपनी चार्जशीट में कहा था कि एएए कंसल्टेंसी सर्विसेज कं. प्रा. लि. अनिल धीरूभाई अंबानी समूह की सहायक कंपनी है।
इस समूह की फर्म रिलायंस टेलीकॉम लि. ने टूजी लाइसेंस पाने के लिए अयोग्य कंपनी स्वान टेलीकॉम का इस्तेमाल किया था।
हसित शुक्ला ने बताया कि मैने एएए कंपनी का आईसीआईसीआई बैंक में करेंट एकाउंट खोलने के लिए जमा दस्तावेजों पर किए गए अनिल व टीना अंबानी के फोटो के साथ हस्ताक्षरों की पहचान की। मुझे इन दस्तावेजों की फोटोकॉपी दिखाई गई थी।