संगीन मामलों के आरोपियों से अपने निवास पर मुलाकात के मामले में सीबीआई निदेशक रंजीत सिन्हा बड़ी मुसीबतों में घिरते दिख रहे हैं। इस संबंध में हुए अन्य कई खुलासों ने सिन्हा की परेशानी बढ़ा दी है।
सिन्हा की विजिटर डायरी के मुताबिक उनसे मिलने वालों में 2जी मामलों के आरोपियों के अतिरिक्त अनिल अंबानी, चर्चित मांस व्यापारी मोइन अख्तर कुरैशी, सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव और सपा महासचिव रामगोपाल यादव भी शामिल हैं।
रिकार्ड के मुताबिक सिन्हा ने अपने 15 महीने के कार्यकाल में 50 ऐसे लोगों से मुलाकात की, जिनके खिलाफ मामले अदालत के विचाराधीन हैं। मुलाकातियों में कारोबारी अनिल अंबानी के सिन्हा से 5 बार मिलने का जिक्र है।
बताया जाता है कि इसी तरह सपा प्रमुख मुलायम सिंह ने अपने भाई और सांसद रामगोपाल यादव के साथ सिन्हा से 15 बार मुलाकात की है। गौरतलब है कि तब यादव पर आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच सीबीआई के विचाराधीन थी।