फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इमरान मसूद को 14 दिन की जेल, मोदी पर दिया था बयान

Sat, 29 Mar 2014 02:00 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने वाले कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद को कोर्ट ने 14 दिन के लिए जेल भेज दिया।
विज्ञापन


शनिवार सुबह 3.30 बजे उनको गिरफ्तार किया गया था। हालांकि इस मामले में कांग्रेस ने पल्ला झाड़ लिया है लेकिन उसकी काफी फजीहत हुई है।

राहुल गांधी को भी आज सहारनपुर जाना था लेकिन उम्मीदवार की गिरफ्तारी के कारण उनका दौरा भी टल गया।

आखिर हो ही गए गिरफ्तार

बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक बयान देने वाले सहारनपुर के कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद को शनिवार सुबह करीब 3.30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। ग‌िरफ्तारी के बाद सुबह इमरान को कोर्ट में पेश क‌िया गया।

कोर्ट में पेश के दौरान इमरान मसूद के समर्थकों ने जमकर हंगामा मचाया। खुद इमरान मसूद ने कहा क‌ि उन्हें राजनीत‌िक साज‌िश के तहत फंसाया गया।

उनकी गिरफ्तारी के लिए खुद जिले के एसएसपी पूरी पुलिस फोर्स लेकर पहुंचे थे। उनको उनके घर से गिरफ्तार किया गया। आपको बता दें कि निर्वाचन आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कराया था जिसके बाद पुलिस ने ये कार्रवाई की।

मोदी के खिलाफ टिप्पणी और सांप्रदायिक भाषण

सहारनपुर से कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद को चुनावी सभा में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और सांप्रदायिक भाषण भारी पड़ गया।

वीडियो लीक होने के बाद जिला प्रशासन के आदेश पर उनके खिलाफ शुक्रवार को देवबंद थाने में विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। वीडियो में उन्होंने बेतुकी टिप्पणी करते हुए मोदी को मारने की धमकी दी। प्रशासन ने चुनाव आयोग को इसकी पूरी रिपोर्ट भेजकर गाइडलाइन मांगी है।

बृहस्पतिवार देर रात एक वीडियो सामने आया, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद चुनावी सभा में सांप्रदायिक भावना भड़काने वाला भाषण दे रहे हैं। इसमें पुलिस को भगाने और मोदी को जान से मारने की बात कर रहे हैं।

इमरान मसूद ने दी सफाई

बताया जा रहा है कि इमरान देवबंद के लबकरी गांव के एक घर में सभा कर रहे थे। खुद को एक धर्म की आवाज बताते हुए भाषण में साथियों के लिए मरने-मारने की बात कही। तालियों के बीच कहा कि नरेंद्र मोदी से कौन लड़ेगा, इमरान मसूद लड़ेगा। जो उसकी तरह ठोंक कर जवाब देगा। यहां हालात गुजरात जैसे नहीं हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी संध्या तिवारी का कहना कि प्रशासन को एक वीडियो मिला है, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी आपत्तिजनक टिप्पणी और भड़काऊ भाषण से सांप्रदायिकता फैला रहे हैं।

देवबंद थाने में उनके खिलाफ भादंसं की विभिन्न धाराओं, लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम और अनुसूचित जाति अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करवा दिया गया है। पूरी रिपोर्ट चुनाव आयोग को भी भेज दी गई है। इस बारे में इमरान मसूद ने सफाई दी है कि यह वीडियो रिकार्डिंग छह महीने पुरानी है। मेरे वक्तव्य का गलत मतलब निकाला जा रहा है।

मसूद के खिलाफ कार्रवाई करने से बच रही कांग्रेस

सहारनपुर से कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद के विवादित बयान को लेकर सियासी हंगामा मचा हुआ है। कांग्रेस मसूद के बयान का समर्थन तो नहीं कर रही है लेकिन पार्टी बयान की निंदा और कार्रवाई करने से परहेज कर रही है।

पार्टी ने कहा है कि उसने मसूद से बात की है और उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनके बयान को मीडिया में तोड़मरोड़ कर पेश किया है।

पार्टी ने मसूद से कहा है कि अगर उनकी टिप्पणी का गलत इस्तेमाल किया गया है तो उन्हें अपना स्पष्टीकरण सार्वजनिक तौर पर देना चाहिए। पार्टी ने विश्वास जताया है कि मसूद अपना स्पष्टीकरण देंगे। चुनाव के समय मसूद की विवादित टिप्पणी से कांग्रेस असहज है।

बयान से कांग्रेस को हो सकता है नुकसान

पार्टी के अंदर इस बात की खास चर्चा है कि मसूद के जहरीले बयान का असर कांग्रेस के लिए उल्टा साबित हो सकता है। इसलिए पार्टी इस मामले से दूरी बनाने की कोशिश कर रही है।

शुक्रवार को कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि पार्टी अपने नेताओं को राय देती रही है कि वे विरोधियों के खिलाफ अपशब्द का इस्तेमाल न करें। सुरजेवाला ने कहा कि इस संबंध में मसूद से बात की गई है और उन्होंने मीडिया के बयान को तोड़मरोड़ पेश करने की सफाई दी है।

पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि मसूद से कहा गया है कि अगर उनका बयान गलत तरीके से पेश किया गया है तो वह मीडिया के सामने अपना स्पष्टीकरण दें। सुरजेवाला ने कहा कि पार्टी को भरोसा है कि मसूद अपना स्पष्टीकरण देंगे। मसूद के खिलाफ कार्रवाई के सवाल को पार्टी ने टाल दिया है।

मोदी पर की गई टिप्पणी सरासर गलत: उलेमा

सहारनपुर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी इमरान मसूद की नरेंद्र मोदी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर देवबंदी उलेमा का कहना है कि यदि इमरान ने गलत शब्दों का इस्तेमाल किया है तो वह सरासर गलत हैं। हालांकि उलेमा ने यह भी कहा कि उन्हें यकीन नहीं है कि मसूद इस प्रकार के शब्दों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

सहारनपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद की नरेंद्र मोदी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से देवबंदी उलेमा हैरत में हैं। दारुल उलूम वक्फ के वरिष्ठ उस्ताद मौलाना मुफ्ती आरिफ कासमी ने कहा कि इस तरह की बात कहना गलत है। नरेंद्र मोदी से सियासी लड़ाई है और सियासी लड़ाई को लेकर इस प्रकार के शब्दों का इस्तेमाल किसी भी दशा में उचित नहीं है। धमकी देना या गलत शब्दों का इस्तेमाल करना आरएसएस का तरीका है। मुफ्ती आरिफ ने कहा कि इमरान मसूद के खिलाफ यह भाजपा की साजिश भी हो सकती है। उन्हें यकीन नहीं कि मसूद जैसा शख्स ऐसा कह सकता है, अगर कहा है तो वह सरासर गलत है।

अरबी के विद्वान मौलाना नदीमुलवाजदी ने कहा कि सियासत में अच्छा किरदार और अच्छी जुबान होनी चाहिए। इस्लाम की तालीम है कि किसी के बारे में ऐसे अल्फाज नहीं बोलने चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से पहले निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दारुल उलूम फारुखिया के मोहतमिम मौलाना नूरुलहुदा कासमी और दारुल उलूम वक्फ के वरिष्ठ उस्ताद मौलाना नसीम अख्तर शाह कैसर ने कहा कि यदि इमरान मसूद ने मोदी के खिलाफ गलत टिप्पणी की है तो वह गलत है। किसी भी इंसान के बारे में इस प्रकार के शब्दों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।
विज्ञापन

भाजपा चुनाव आयोग से करेगी शिकायत

भाजपा अब इस विवादित बयान पर कांग्रेस उम्मीदवार की शनिवार को चुनाव आयोग से शिकायत करेगी। पार्टी ने कहा है कि मोदी के लिए कांग्रेस नेतृत्व लंबे समय से इसी तरह के विवादित बयान देता रहा है, इससे निचले स्तर के नेता और कार्यकर्ता भी उनकी राह पर चल रहे हैं।

भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि शनिवार को चुनाव आयोग से शिकायत कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।

नकवी ने कहा कि हताश और निराश कांग्रेस की सियासी धर्मनिरपेक्षता अब ‘तालिबानी धर्मनिरपेक्षता’ में बदल गई है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें