योग शिविरों के बहाने राजनीति पर निर्वाचन आयोग की तल्खी के बावजूद योगगुरु बाबा रामदेव आयोजन से पूर्व ही एक तीर से कई निशाने साध गए। उन्होंने जहां कांग्रेस को सबसे भ्रष्ट पार्टी बताया, वहीं भाजपा के पीएम पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी और लोकसभा प्रत्याशी निरंजन ज्योति के पक्ष में वोट और सपोर्ट की अपील कर गए।
रामदेव खागा और फतेहपुर में शनिवार को आयोजित योग शिविर में हिस्सा लेने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। कहा कि कांग्रेस का गरीबी हटाओ मंत्र तो कारगर नहीं हो पाया लेकिन अमीर बनाने का मंत्र पूरी तरह से सफल है। राबर्ट वाड्रा का नाम लिए बगैर कहा कि दामाद को साल भर में 324 करोड़ का मालिक बना दिया। सोनिया भ्रष्टाचार और लुटेरे समाज का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। विदेशी बैंकों में जमा सौ लाख करोड़ काले धन में पचास लाख करोड़ नेहरू खानदान का है। देश में मोदी लहर पर कहा कि देशवासियों को मोदी से उम्मीदें पैदा हुई हैं। कांग्रेस इस बात से वाकिफ हो गई है। उसने हार स्वीकार कर लिया है।
उन्होंने कहा कि पचास सीटें भी इस बार कांग्रेस जीतने वाली नहीं है। भाजपा प्रत्याशी निरंजन ज्योति को धर्म बहन बताते हुए वोट और सपोर्ट मांगा। एक सवाल के जवाब में कहा कि नेहरू खानदान की कमजोरी के कारण चीन ने देश की जमीन पर कब्जा किया है और कांग्रेसी सरकारों ने देश में आतंकवाद व माओवाद बढ़ावा दिया है। खुद के भाजपा में शामिल होने संबंधी की गई टिप्पणी पर उन्होंने दिग्विजय सिंह को गुरुघंटाल की उपाधि दी।