आंध्र प्रदेश पुलिस ने गृह मंत्री सुशीलकुमार शिंदे और वित्तमंत्री चिदंबरम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
केंद्रीय मंत्रियों पर अलग तेलंगाना राज्य के गठन का वादा कर उसे पूरा न करने का आरोप लगाया गया है।
रंगा रेड्डी जिले की जिला अदालत के आदेश पर हैदराबाद के बाहरी इलाके में स्थित एलबी पुलिस थाने में सोमवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया गया।
रंगा रेड्डी जिले की अदालत से थाने के एसएचओ को निर्देश मिलने बाद ये कार्रवाई की गई।
इससे पहले इसी साल 28 जनवरी को भी कार्रवाई के आदेश दिए गए थे लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी।
तेलंगाना कनिष्ठ अधिवक्ता संघ के सदस्य नरेश कुमार की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अदालत ने धार 166 (सरकारी कर्मचारी द्वारा कानून की अवहेलना) के तहत एसएचओ के खिलाफ संज्ञान लिया।
याचिकाकर्ता नरेश कुमार ने आरोप लगाया है कि शिंदे और चिदंबरम, दोनों ने तेलंगाना के मुद्दे पर भ्रामक बयान देकर लोगों से धोखा किया है। उन्होंने कोर्ट से इस मामले में जांच का आदेश देने की भी मांग की थी।
गृहमंत्री ने किया था वादा
नरेश ने अपनी याचिका में केद्रीय मंत्रियों के बयानों का जिक्र किया है। इसके अनुसार गृहमंत्री द्वारा तेलंगाना मुद्दे पर नई दिल्ली में 28 दिसंबर, 2012 को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी। इसमें गृहमंत्री ने कहा था कि तेलंगाना का मामला एक महीने में सुलझ लिया जाएगा।
इससे पहले चिदंबरम ने 9 दिसंबर, 2009 को कहा था की एक पृथक तेलंगाना राज्य के गठन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हालांकि बाद में 23 दिसंबर को उन्होंने कहा कि इस मामले पर और विचार किए जाने की जरूरत है।