छठ पूजा के दौरान पटना में गंगा घाट पर हुई भगदड़ मामले में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दाखिल किया गया है। ये दोनों मुकदमे पटना और पटना सिटी के न्यायालय में दाखिल कराए गए हैं।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता किशोरी दास ने गुरुवार को पटना के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में मुकदमा दाखिल किया, जिसकी सुनवाई 26 नवंबर को होगी। सामाजिक कार्यकर्ता रामजी योगेश ने दूसरा मुकदमा शहर के फर्स्ट क्लास जुडिशल मजिस्ट्रेट की अदालत में दाखिल किया है। इसकी सुनवाई 30 नवंबर को होनी है।
दोनों सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मुकदमे में नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का भी नाम दर्ज कराया है। गौरतलब है कि छठ के दौरान मची भगदड़ में 17 लोगों की मौत हो गई थी। नीतीश ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा करने के साथ ही साथ मामले की जांच के आदेश दिए थे।