भारत के घर-घर में अपनी पैठ बना चुके मैगी नूडल्स में जरूरत से ज्यादा हानिकारक पदार्थ पाए गए हैं। इसके बाद फूड इंस्पेक्टरों ने इसे बनाने वाली कंपनी नेस्ले इंडिया से मैगी के एक पूरे बैच को दुकानों से वापस लेने को कहा है।
उत्तर प्रदेश के फूड सेफ्टी एंड ड्रग ऐडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) ने कहा कि नेस्ले इंडिया की ओर से बनाए गए मैगी के दर्जनों पैकेट में नियमित जांच के दौरान सीसा की अत्यधिक मात्रा पाई गई।
एफडीए के दो अधिकारियों के मुताबिक, मैगी के सभी पैकेटों को सरकारी लैब में टेस्ट किया गया। जांच के दौरान इसमें सीसा की मात्रा 17.2 पीपीएम पाई गई, यह निर्धारित मात्रा से सात गुना अधिक है।
अधिकारियों के मुताबिक, मैगी में सीसा की स्वीकार्य मात्रा 0.01 से 2.5 पीपीएम है। यही नहीं जांच के दौरान स्वाद बढ़ाने वाले मोनोसोडियम ग्लूटामेट (एमएसजी) की भी बहुत अधिक मात्रा पाई गई।