विवादास्पद मुद्दों की भरमार और इस पर चरम पर पहुंची सियासत के बीच संसद का बजट सत्र मंगलवार से शुरू होगा। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के अभिभाषण से सत्र की शुरुआत के बाद बुधवार को देशव्यापी बहस का केंद्र बने जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय विवाद मामले में चर्चा होगी।
इसके बाद 25 फरवरी को रेल बजट, 26 फरवरी को आर्थिक सर्वेक्षण और 29 फरवरी को आम बजट पेश किया जाएगा। हालांकि सत्र से पहले अब तक हुई चार सर्वदलीय बैठकों में सरकार और विपक्ष ने सदन को शांतिपूर्वक चलाने पर हामी भरी है, मगर इसके अमली जामा पहनने के दूर-दूर तक आसार नहीं हैं।
विपक्ष ने जहां जेएनयू विवाद, हैदराबाद में दलित छात्र की आत्महत्या, आरक्षण के सवाल पर जाटों का हिंसक आंदोलन, पठानकोट में हुए आतंकी हमला मामले में सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है, वहीं सरकार ने भी रक्षात्मक रुख अपनाने के बदले इन सभी मुद्दों पर पलटवार का मन बनाया है।
बीते तीन सत्रों की तरह अगर इस सत्र में भी सरकार और विपक्ष के बीच जोर-आजमाइश जारी रही तो इस बार भी सरकार का आर्थिक एजेंडा पटरी से उतर सकता है।