अलीगढ़ की प्रतिष्ठित रीयल एस्टेट कंपनी के जेएमडी (ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर) व बसपा के अतरौली विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी धर्मेंद्र चौधरी की शनिवार देर शाम बारहद्वारी चौराहे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार चौधरी को दस गोलियां लगी हैं। घटना को एक्टिवा पर सवार हमलावरों ने अंजाम दिया और फिल्मी अंदाज में चौधरी को गाड़ी से खींचकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इससे पूरा इलाका दहशत में आ गया। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद बारहद्वारी की तंग गलियों में निकल गए।
मूल रूप से बुलंदशहर के शिकारपुर थाना क्षेत्र के गांव बड़ौता निवासी धर्मेंद्र चौधरी (39) यहां स्वर्ण जयंती कॉलोनी स्थित कनक रेजीडेंसी में परिवार सहित रहते थे।
दो स्कूटी से आए चार बदमाश
शनिवार शाम करीब साढ़े आठ बजे वह अपने ड्राइवर संजय निवासी नगला तिकौना क्वारसी के साथ फारच्यूनर कार में सवार होकर गली गुल्लूजी निवासी परिचित राकेश अग्रवाल से मिलने जा रहे थे। तभी बारहद्वारी चौराहे से पहले रामगंज गली के मुहाने पर दो एक्टिवा स्कूटियों पर सवार चार हमलावरों ने गाड़ी को दोनों ओर से घेर लिया।
एक तरफ से ड्राइवर को गाड़ी रोकने का इशारा किया और दूसरी ओर से धर्मेंद्र चौधरी पर फायर किए। दोनों ओर से गाड़ी के शीशे भी तोड़े। इसके बाद धर्मेंद्र ने उतरकर भागना चाहा तो उन्हें पकड़कर खींचा गया और दौड़ते समय ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। करीब तीन दर्जन राउंड फायरिंग कर हमलावर बारहद्वारी की ओर भाग गए।
बयान मामले पर एसएसपी, जे रविंदर गौड़ का कहना है कि अभी तक घटना का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। तमाम पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटना बेहद संगीन है और चुनौती के रूप में स्वीकारा गया है। तहरीर और पुलिस जांच को ध्यान में रखकर खुलासा किया जाएगा।
बसपा विधायक पर महिला से मारपीट का केस
एक दूसरे मामले में शाहजहांपुर के रोजा में एक ऊनकलां गांव निवासी एक महिला ने तिलहर क्षेत्र के बसपा विधायक रोशन लाल वर्मा, उनके दो बेटों, दामाद और पुत्रवधू के खिलाफ रोजा थाने में मारपीट, बलवा और लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सरिता यादव नाम की इस महिला का दावा है कि वह विधायक के मझले बेटे विनोद वर्मा की पत्नी है। शनिवार शाम वह हॉस्पिटल में भर्ती विनोद को देखने गई थी। इसी दौरान विधायक की मौजूदगी में इन लोगों ने उसके साथ मारपीट और लूटपाट की।
पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद स्वीकार किया कि घटना हुई है। उधर, विधायक ने रिपोर्ट को सपा नेताओं की साजिश बताया है।
विनोद वर्मा शुक्रवार को निगोही स्थित अपने घर में जीने से गिरने के कारण घायल हो गए थे। उन्हें रोजा के रेती रोड स्थित वर्मा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
सरिता के मुताबिक वह अपने पिता मुन्ना लाल के साथ विनोद को देखने गई थी, तभी वहां विधायक का छोटा बेटा सचिन, दामाद और विनोद की दूसरी पत्नी रुचि आ गई। इन सभी ने गाड़ी से उतरते ही उसे पीटना शुरू कर दिया। थाना प्रभारी अजीत सिंह के मुताबिक जांच में मामला सही पाए जाने पर विधायक समेत पांच लोगों पर बलवा, लूटपाट और गालीगलौज की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।