कार्टूनिस्ट असीम त्रिवेदी की भूख हड़ताल के समर्थन मे एनॉनिमस इंडिया ने भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की वेबसाइट हैक कर ली है।
असीम त्रिवेदी शनिवार से आईटी एक्ट की धारा 66ए के खिलाफ जंतरमंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। संगठन ने कहा है कि यदि आईटी एक्ट की धारा 66ए को खत्म नहीं किया गया तो वे आगे भी सरकारी वेबसाइटों को हैक करेंगे।
एनॉनिमस इंडिया ने वेबसाइट पर एक संदेश लिखा है, जिसमें कहा गया है कि आईटी एक्ट की धारा 66ए के विरोध में जंतर मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे असीम त्रिवेदी और आलोक दीक्षित का समर्थन करें।
वेबसाइट पर असीम त्रिवेदी की फोटो भी डाली गई है। वेबसाइट पर ही एनॉनिमस इंडिया की ओर से बताया गया है कि बीएसएनएल के डाटाबेस से 250 फाइलों को डीलीट कर दिया गया है, अब उसके बैकअप की उम्मीद न करें।
वहीं, आलोक दीक्षित ने अपने फेसबुक स्टेट्स में कहा है कि सरकार अगर आईटी एक्ट की धारा 66ए को हटाती नहीं है तो और भी वेबसाइटें हैक की जाएंगी।