सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने दो टूक कहा है कि पठानकोट के आतंकी हमलावरों ने पंजाब और जम्मू की अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से घुसपैठ नहीं की है। बृहस्पतिवार को बीएसएफ महानिदेशक डीके पाठक ने गृह सचिव राजीव महर्षि को रिपोर्ट दी है कि आईबी के चप्पे-चप्पे पर उनकी फोर्स तैनात है।
पिछले एक महीने में इन इलाकों से किसी घुसपैठ के कोई सुराग नहीं हैं। बीएसएफ के मुताबिक सीमा के संवेदनशील जगहों पर लगे कैमरे में ना तो कोई थर्मल इमेज कैद हुआ है और ना ही गुरदासपुर-पठानकोट-जम्मू सेक्टर के 553 किलोमीटर की फेंसिंग पर कोई सुरंग मिला है
बीएसएफ के इस रुख के बाद गृह मंत्रालय घुसपैठ के सच के लिए नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की जांच पूरी होने तक का इंतजार करेगा। नॉर्थ ब्लॉक स्थित गृह मंत्रालय में गृह सचिव के साथ उच्चस्तरीय बैठक करने आए डीके पाठक ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि सीमा पर लगे कैमरे के खराब होने की बात गलत है।