राम मंदिर निर्माण का ब्लू प्रिंट तैयार हो चुका है। भाजपा 2019 के आम चुनावों से पहले मंदिर का निर्माण कराएगी। लोकसभा चुनाव के दौरान भी राम मंदिर पार्टी का प्रमुख एजेंडा था।
यह बात भाजपा सांसद सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज ने गुरुवार शाम को परिक्रमा मार्ग स्थित अपने आश्रम में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने बताया कि अयोध्या के राम मंदिर मुद्दे के बाद ही मैं राजनीति में आया हूं। मेरे जीवन का भी लक्ष्य यही है कि राम मंदिर का निर्माण कराऊं।
उन्नाव संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले साक्षी महाराज ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए आम सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है। भारत का समझदार और शिक्षित मुसलमान राम मंदिर निर्माण के पक्ष में है।
बीते दिनों मध्य प्रदेश के गुना में हुए राष्ट्रीय सद्भावना सम्मेलन में 6 लाख मुसलमानों ने राम मंदिर निर्माण के पक्ष में हस्ताक्षर किए। सांसद साक्षी बोले कि दुबई के खलीफा मंदिर निर्माण के लिए जमीन दे सकते हैं तो ऐसे समर्थक मुसलमान भारत में भी हैं।