अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम अकेला ऐसा भारतीय है जिसे ब्रिटेन के आर्थिक प्रतिबंधों की नवीनतम सूची में शामिल किया गया है। ब्रिटेन की इस सूची में कुछ सिख आतंकी समूह भी शामिल हैं।
भारत के मोस्ट वांटेड आतंकी दाऊद जिसके खिलाफ इंटरनेशनल अरेस्ट वारंट जारी किया जा चुका है, को ब्रिटेन के ट्रेजरी डिपार्टमेंट के ‘कंसोलिडेटेड लिस्ट ऑफ फाइनेंशियल सैंक्शंस टार्गेट्स इन द यूके’ में शामिल किया गया है।
यह सूची 27 जनवरी को अपडेट की गई। इसमें शामिल दाऊद की सभी चार परिसंपत्तियां पाकिस्तान के कराची की हैं। इनके पते हाउस नंबर 37, 30 स्ट्रीट डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी, कराची पाकिस्तान, हाउस नंबर 29, मारगाला रोड, एफ 6/2 स्ट्रीट नंबर 22, कराची पाकिस्तान, पहाड़ी क्षेत्र में पलाटियाल बंगला नूराबाद कराची पाकिस्तान और व्हाइट हाउस नियर सऊदी मॉस्क क्लिफटन, कराची पाकिस्तान हैं।
ब्रिटेन द्वारा लगाए जाने वाले आर्थिक प्रतिबंध ब्रिटेन या विदेश के किसी व्यक्ति, इकाई और सरकार पर लगाए जा सकते हैं। आर्थिक प्रतिबंध को तोड़ना अपराध की श्रेणी में शामिल है अगर इसके लिए ब्रिटेन की ट्रेजरी से उचित लाइसेंस नहीं लिया जाता है।