बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे ने पांच बरस बाद मंच साझा किया, तो सुर्खियां बननी ही थीं। लेकिन यह मामला कुछ और आगे चला गया। समाजवादी पार्टी के हमलावर रुख के कारण अमिताभ बच्चन मुश्किल में फंसे।
यह मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अमिताभ बच्चन के पुराने करीबी और सैकड़ों बार उन्हें अपना बड़ा भाई बता चुके सपा के पूर्व नेता अमर सिंह ने भी अपनी दुखों का हिसाब-किताब उनके सामने रखा, तो वह कटघरे में खड़े दिखाई देने लगे।
ऐसा मालूम देता है कि इन दिनों बिग बी के ग्रह-नक्षत्र ठीक नहीं चल रहे। अपनी जिंदगी का ज्यादातर हिस्सा एक्टिंग और तारीफ बटोरने में खर्च करने वाला महानायक इन दिनों चौतरफा हमले झेल रहा है। आइए जानते हैं कि यह सारा माजरा आखिर है क्या?
'अमिताभ अच्छे एक्टर, पर अच्छे इंसान नहीं'
एक वक्त था जब अमिताभ बच्चन और समाजवादी पार्टी के बीच पुल बनाने का काम अमर सिंह किया करते थे। अमिताभ उनके लिए बड़े भाई थे और जया बच्चन भाभी। अमिताभ भी उन्हें छोटे भाई या इससे भी कहीं ज्यादा की अहमियत दिया करते थे।
लेकिन वक्त कैसे रिश्तों में सीलन लाता है, यह इस वाकये से पता चलता है। अमर सिंह ने एक हालिया इंटरव्यू में कहा कि अच्छा एक्टर, अच्छा इंसान भी हो, यह जरूरी नहीं होता। इस तंज के निशाने पर अमर सिंह के 'बड़े भाई' थे।
एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में अमर सिंह ने कहा कि अमिताभ से उनकी बीस साल पुरानी दोस्ती रही, लेकिन बिग बी उसी दोस्ती को भुला गए। उन्होंने कहा कि कि अमिताभ खुद कह चुके हैं कि अगर वह न होते, तो बिग बी टैक्सियां चला रहा होता।
अमिताभ की रीढ़ नहीं हैः अमर सिंह
इस बात पर यकीन करना मुश्किल है कि अमर सिंह ने अमिताभ बच्चन पर हमला बोला। लेकिन अमर सिंह ने जिन शब्दों का इस्तेमाल बॉलीवुड महानायक के लिए किया, वह और चौंकाता है।
अमर सिंह ने कहा कि अमिताभ अच्छे एक्टर हैं, पर उनकी रीढ़ में हड्डी नहीं है। हाल में राज ठाकरे के साथ मंच साझा करने को लेकर भी उन्होंने अमिताभ बच्चन पर हमला बोला। उन्होंने कहा, "अमिताभ ने एक वक्त बाल ठाकरे के लिए कहा था कि वह उनके पिता समान है, लेकिन सच यह है कि जब बाल ठाकरे नहीं रहे, तो वह राज ठाकरे के साथ मिल गए।
अमिताभ और अमर सिंह की दोस्ती काफी पुरानी है। ऐसा कहा जाता है कि जब अमिताभ बच्चन की कंपनी कर्ज में डूबी थी और वह खुद काफी तनाव से गुजर रहे थे, तो अमर सिंह ने दोस्ती का हाथ बढ़ाकर उनकी मदद की थी।
NCP का हमला, मौकापरस्त हैं अमिताभ!
अमिताभ बच्चन पर हमला करने वालों में केवल समाजवादी पार्टी और अमर सिंह ही शामिल नहीं हैं, बल्कि इन दिनों वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के निशाने पर भी हैं।
एनसीपी ने राज ठाकरे और अभिनेता अमिताभ बच्चन के पिछले दिनों मंच साझा करने और एक दूसरे की प्रशंसा करने के मामले को ‘मैच फिक्सिंग’ करार देते हुए दोनों को ‘अवसरवादी’ बताया है।
एनसीपी प्रवक्ता नवाब मलिक ने बृहस्पतिवार को यहां पत्रकारों से कहा कि दोनों अवसरवादी हैं, दोनों ने मंच पर अच्छा अभिनय किया, देखकर साफ लग रहा था कि पूरा मैच फिक्स है। उन्होंने कहा कि सिर्फ राज ठाकरे और अमिताभ बच्चन ही इस बात का जवाब दे सकते हैं कि इतने लंबे समय से दोनों के बीच दूरियां क्यों बनी हुई थी।
'गद्दार हैं अमिताभ बच्चन'
समाजवादी पार्टी विधायक अबु आजमी भी राज ठाकरे के साथ मंच साझा करने के लिए अमिताभ की आलोचना कर चुके हैं। आजमी ने अमिताभ पर उत्तर भारतीयों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्हें बिग बी को राज ठाकरे के साथ देखकर तकलीफ पहुंची थी।
मुंबई के कोलाबा में मंगलवार को होर्डिंग के जरिए आजमी ने अपनी नाराजगी का इजहार किया था। हालांकि, पुलिस ने जल्द ही इसे हटा दिया, लेकिन कमान से तीर निकल चुका था। इसमें कहा गया, "यह चौंकाने वाली बात है कि उत्तर प्रदेश का गौरव कहलाने वाले अमिताभ बच्चन ने राज ठाकरे के साथ दोबारा दोस्ती कर ली है।"
होर्डिंग में बिग बी को निशाने पर लेते हुए कहा, "अमिताभ उन राज ठाकरे के साथ जा मिले, जिन्होंने महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों और पलायन कर दूसरे इलाकों से यहां आने वाले लोगों की जिंदगी मुश्किल बना रखी है। इस मामले में ऐसा नहीं लगता कि राज के साथ उनकी दोस्ती उत्तर भारतीयों के साथ गद्दारी है?"
जया सैफई में मंच पर, मुंबई में अमिताभ गद्दार!
राज ठाकरे के साथ मंच साझा करने पर समाजवादी पार्टी की मुंबई इकाई भले ही इन दिनों अमिताभ बच्चन के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है, पर उनकी पत्नी जया बच्चन बृहस्पतिवार को सैफई महोत्सव के मंच पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती नजर आईं।
पार्टी की मुंबई इकाई के नेताओं ने अमिताभ को गद्दार तक करार दिया है।जया बच्चन सपा से ही राज्यसभा सांसद हैं। दरअसल, राज ठाकरे के साथ बिग बी की नई दोस्ती को लेकर सपा की मुबई इकाई को इतनी खल रही है कि वह अपनी नाराजगी छिपा नहीं पा रही है।
मुंबई में सपा नेता व विधायक अबु आसिम आजमी ने तो शहर भर में होर्डिंग लगवाकर अमिताभ बच्चन को गद्दार तक करार दिया है। आजमी का कहना है कि अमिताभ ने उस राज ठाकरे से दोस्ती कर ली है, जिसकी पार्टी ने उत्तर भारतीयों का जीना मुश्किल कर दिया है। पार्टी के अन्य नेता इस मसले पर कोई भी टिप्पणी करने से बच रहे हैं।