शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे की सेहत गंभीर रूप से खराब होने की खबरों के बाद आम तौर पर व्यस्त रहने वाले फिल्म और टेलीविजन स्टूडियो बृहस्पतिवार को खाली रहे। फिल्मों और सीरियलों की शूटिंग नहीं हुई। इंडियन मोशन पिक्चर्स एसोसिएशन एंड फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रमख टीपी अग्रवाल ने बताया कि लोगों ने अपने मन से शूटिंग बंद रखने का फैसला किया।
यही नहीं, महान गायिका लता मंगेशकर ने भी अपना एक स्टेज कार्यक्रम रद्द कर उसकी तारीख आगे बढ़ा दी। बॉलीवुड सितारे ठाकरे परिवार से मुलाकात करने के लिए उनके घर ‘मातोश्री’ पहुंचे। अमिताभ-अभिषेक बच्चन के बाद सलमान खान अपने पिता और भाई के साथ, निर्देशक मधुर भंडारकर, अभिनेता नाना पाटेकर, मनोज कुमार और रणधीर कपूर भी ठाकरे परिवार से मिलने गए। इसके अलावा दिन भर बॉलीवुड हस्तियां सोशल नेटवर्किंग वेबसाइटों पर सक्रिय होकर सीनियर ठाकरे के स्वास्थ के प्रति चिंता व्यक्त करती रहीं।
अमिताभ ने ट्विटर पर बाल ठाकरे के साथ अपने पुराने दिनों को शिद्दत से याद किया। साथ ही लिखा, ‘बालासाहेब ठाकरे : आजीवन योद्धा रहे और अब अपने जीवन के लिए कड़ा युद्ध कर रहे हैं।’ फिल्मकार प्रीतिश नंदी ने ट्विटर पर लिखा, ‘मेरी प्रार्थना है कि टाइगर फिर जागे और गर्जना भरे।’ वहीं लता मंगेशकर ने कहा कि वह ठाकरे के चिंताजनक स्वास्थ्य की खबर से परेशान हैं। ठाकरे को उन्होंने परिवार के सदस्य की तरह बताते हुए कहा कि उनके स्वास्थ्य को देखते हुए वह अपनी म्यूजिक कंपनी का 18 नवंबर का एक संगीत कार्यक्रम स्थगित कर रही हैं। यह अब आगे होगा।
फिल्मकार अशोक पंडित ने ट्वीट किया, ‘बालासाहेब ने कश्मीरी पंडितों के लिए महाराष्ट्र में शिक्षा के इंतजाम करके उन्हें हथियार उठाने से रोका। मैं उनसे मदद मांगने गया था। उन्होंने पूछा कि क्या चाहते हो? मैंने कहा कि शिक्षा ही हमारा धन है। उन्होंने राज्य में कश्मीरियों के लिए शिक्षण कोटा निर्धारित किया और उनके बच्चों की पढ़ाई के इंतजाम किए।’