अमेरिका के लुइसियाना प्रांत के गवर्नर और भारतीय मूल के बॉबी जिंदल 2016 में होने वाला राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ सकते हैं।
इस शीर्ष रिपब्लिकन नेता के प्रांत के ही एक सीनेटर ने उनके राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने की योजना के बारे में खुलासा किया है।
एक टीवी चैनल सी-स्पैन के न्यूजमेकर्स प्रोग्राम को दिए इंटरव्यू में सीनेटर डेविड विटर ने कहा कि मेरे विचार से 42 वर्षीय जिंदल चुनाव में हिस्सा लेंगे। वह एक अहम उम्मीदवार साबित होंगे।
उन्होंने कहा, ‘मैं जिंदल को पसंद करता हूं। मैं उनके नेतृत्व का सम्मान करता हूं। मैं उनके सभी राजनीतिक मूल्यों से सहमत हूं, लेकिन मैंने यह नहीं सोचा है कि निजी तौर पर क्या करूंगा और क्या नहीं।’
जब विटर से जिंदल के राष्ट्रपति बनने की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘हां। मेरा मानना है कि वह हर शख्स जो इस पर ध्यान दे रहा है, उसके लिए यह बहुत साफ है।’
लुइसियाना के गवर्नर के तौर पर जिंदल का दूसरा कार्यकाल 2015 में पूरा हो जाएगा। वह तीसरे कार्यकाल के लिए चुनाव नहीं लड़ सकते हैं। विटर गवर्नर का चुनाव लड़ने पर विचार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि हम जनवरी में किसी नतीजे पर पहुंच जाएंगे। उल्लेखनीय है कि जिंदल ने भी आगामी राष्ट्रपति पद की होड़ में शामिल होने से इंकार नहीं किया है।