बाबरी मस्जिद गिराने के दोषियों को सजा दिलाने की मांग को लेकर आज लोकसभा में काला झंडा दिखाया गया। सदस्यों के हंगामे और नारेबाजी के कारण लोकसभा में प्रश्नकाल नहीं हो सका और कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
आज सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बहुजन समाज पार्टी के शफीकुर्रहमान बर्क अपनी सीट से खडे होकर काला झंडा लहराने लगे। मजलिस इत्तहादुल मुसलमीन के असदुद्दीन औवेसी समेत कई सदस्य भी उनके समर्थन में खडे हो गए।
भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों ने इस पर कड़ा एतराज किया। वे सदन के अंदर काला झंडा दिखाने पर बर्क के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए अध्यक्ष के आसन के सामने आकर नारेबाजी करने लगे।
अध्यक्ष मीरा कुमार ने सदस्यों से शांत होने का आग्रह करते हुए कहा कि उन्होंने एफडीआई पर चर्चा के बाद प्रश्नकाल चलने देने का वायदा किया था।
उन्होंने कहा कि अब चूंकि एफडीआई पर चर्चा पूरी हो चुकी है इसलिए उन्हें प्रश्नकाल में बाधा नहीं डालनी चाहिए। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि सदस्य चाहें तो शून्यकाल के दौरान यह मामला उठा सकते हैं।
लेकिन उनके इस प्रस्ताव का शोरशराबा कर रहे सदस्यों पर कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर तक के लिए स्थगित कर दी।