कांग्रेस बुधवार को यूपीए सरकार के नौ साल पूरे होने पर जश्न मनाएगी, वहीं दूसरी ओर भाजपा केंद्र सरकार का ‘काला चिट्ठा’ खोल कर जश्न का मजा किरकिरा करने का प्रयास करेगी।
मुख्य विपक्षी दल ने कहा कि पार्टी नौ साल के कार्यकाल पर यूपीए सरकार द्वारा जारी किए जा रहे श्वेत पत्र का जवाब काला पत्र जारी कर देगी।
काला पत्र सुषमा स्वराज और अरुण जेटली संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में जारी करेंगे। इस बीच पार्टी ने चुनाव के लिए किसी भी वक्त तैयार रहने की भी घोषणा की है।
उल्लेखनीय है कि यूपीए सरकार के नौ साल पूरा होने पर कांग्रेस अपने सहयोगियों के साथ बुधवार को जश्न मनाने की तैयारी कर रही है। इस दौरान पार्टी की योजना सरकार की सफलताओं से संबंधित श्वेत पत्र लाने की है।
उधर, भाजपा इस जश्न को फीका बनाने के लिए काला पत्र लाने की तैयारी में है। बुधवार को पेश किए जाने वाले इस काले पत्र में यूपीए के कार्यकाल में हुए घोटालों, आर्थिक और सुरक्षा के मोर्चे में मिली नाकामियों से संबंधित दस्तावेज पेश किया जाएगा।
पार्टी ने यूपीए सरकार की कथित असफलताओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए आगामी 27 मई से दो जून तक जेल भरो आंदोलन चलाने की भी ऐलान किया है।
पार्टी महासचिव अनंत कुमार ने कहा कि यूपीए के कार्यकाल में शासन नाम की कोई चीज ही नहीं है।
बीते नौ सालों का रिकार्ड घोटालों, आर्थिक कुप्रबंधन और सुरक्षा के मोर्चे पर मिली कई बड़ी असफलताओं से भरा पड़ा है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए तैयार है।