फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिंदू आतंक पर शिंदे के खिलाफ भाजपा का हमला तेज

Tue, 19 Feb 2013 09:52 PM IST
नई दिल्ली/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
हिंदू आतंकवाद पर भाजपा ने गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे के खिलाफ अपना हमला तेज कर दिया है। पार्टी शिंदे के खिलाफ बुधवार को जंतर मंतर से पीएम आवास तक जुलूस निकालेगी।
विज्ञापन


भाजपा का कहना है कि कि बजट सत्र के पहले दिन ही शिंदे अपने बयान को या तो साबित करें अथवा माफी मांगें। संसद में सरकार को घेरने की रणनीति बनाने के लिए भाजपा संसदीय दल की कार्यकारिणी की बैठक के बाद अब बुधवार शाम को एनडीए की भी बैठक होगी।

भाजपा ने अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर दलाली पर प्रधानमंत्री की बातचीत की पेशकश को ठुकरा दिया है और दोषियों के नाम उजागर करने की मांग की है। प्रमुख विपक्षी दल के इन तीखे तेवरों से संसद के बजट सत्र पर हंगामे का साया मंडराने लगा है।
विज्ञापन


हालांकि लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार ने संसद की कार्यवाही शांतिपूर्वक व सुचारु तौर पर चलाने के लिए बुधवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है, लेकिन भाजपा के तेवरों से साफ है कि शिंदे के माफी मांगने तक वह संसद की कार्यवाही नहीं चलने देगी। पार्टी संसदीय दल की कार्यकारिणी की मंगलवार सुबह हुई बैठक में शिंदे के खिलाफ अभियान तेज करने का फैसला किया गया।

बैठक के बाद पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि संसद में सबसे पहले शिंदे से मांग की जाएगी कि वे भाजपा व संघ के आतंकी प्रशिक्षण शिविर चलाने को लेकर दिए गए बयान को साबित करें और पार्टी नेताओं को जेल में डाले। यदि वे ऐसा नहीं कर सकते है तो माफी मांगें।

सूत्रों के अनुसार शिंदे भाजपा नेताओं से अनौपचारिक तौर पर कह चुके हैं कि उनके मुंह से गलती से यह बात निकल गई थी, लेकिन भाजपा नेता सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की जिद पर अड़े हैं। बुधवार को जंतर-मंतर से शुरू होने वाले जुलूस में पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह समेत पार्टी के लगभग सभी बड़े नेता शामिल होंगे। इसके अलावा बैठक में तय किया गया कि हेलीकॉप्टर घूस कांड पर सरकार से नाम उजागर करने की मांग भी तेज करेगी।

पार्टी ने बजट सत्र में भ्रष्टाचार, महंगाई, डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी, दक्षिणी राज्यों में सूखा व उत्तरी राज्यों में बेमौसमी बारिश व ओलों से फसल के बर्बाद होने जैसे मुद्दे भी उठाने का फैसला किया है। बैठक में प्रेस काउंसिल के चेयरमैन मार्कंडेय काटजू मसले पर कांग्रेस को दोषी माना गया।

भाजपा ने कहा कि कांग्रेस एनजीओ व सीबीआई के बाद संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के जरिये विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। बैठक में वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर हुई इस बैठक में लगभग सभी बड़े नेता मौजूद थे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें