दिसंबर में होने जा रहे गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की दो दिवसीय ‘प्रचार बमबारी’ की शुरुआत शनिवार से हो रही है। इसमें लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज, अरूण जेटली सहित पार्टी के सभी प्रमुख नेता और मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे।
भाजपा के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने बताया कि एक और दो दिसंबर को भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता गुजरात के 95 विधानसभा क्षेत्रों में सुशासन और विकास के संकल्प और संदेश के साथ जनता के बीच जाएंगे और नरेन्द्र मोदी शासन को फिर से सत्ता में लाने की जोरदार अपील करेंगे।
गुजरात विधानसभा के चुनाव दो चरणों में होंगे। पहला चरण 13 और दूसरा 17 दिसंबर को होगा। 22 दिसंबर को गुजरात के साथ हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों के नतीजे आ जाएंगे। हिमाचल प्रदेश के चुनाव पहले ही हो चुके हैं।
नकवी ने बताया कि एक और दो दिसंबर को भाजपा के चुनाव प्रचार के ‘शुभारंभ’ में आडवाणी, सुषमा और जेटली के अलावा मुरली मनोहर जोशी, राजनाथ सिंह, एम वेंकैया नायडु, अनंत कुमार, रविशंकर प्रसाद, सुशील मोदी, शाहनवाज हुसैन और उन सहित अनेक नेता हिस्सा लेंगे।
इनके अतिरिक्त भाजपा शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री इस चुनाव में भी मोदी को बड़े अंतर से जिताने की अपील करेंगे। दूसरे चरण के चुनाव से पहले भी पार्टी के वरिष्ठ नेता गुजरात का दौरा करेंगे।